सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली, 2 दिसंबर। विकासखंड बतौली के छ: खरीदी केंद्रों में एक नवम्बर से खरीदी चालू हुई है, परन्तु तीन खरीदी केंद्रों में नाममात्र की खरीदी हुई, वहीं तीन खरीदी केंद्रों में अभी तक सूखा पड़ा है और खरीदी की बोहनी नहीं हो पाई है।
विकासखंड बतौली में वर्ष 2023-24 में छ: खरीदी केंद्रों में धान खरीदी की व्यवस्था की गई है, जिनमें बतौली(बिलासपुर), खड़धोवा(भटको), बोदा, मंगारी, सेदम, बटाइकेला केंद्र हैं।
दो नए केंद्र में खरीदी
विकासखंड बतौली में धान खरीदी के लिए दो नए केंद्र बोदा और मंगारी में प्रारम्भ किया गया है। इन दोनों खरीदी केंद्रों में एक माह बीत जाने के बाद भी खरीदी प्रारम्भ नहीं हो पाई है। दोनों खरीदी केंद्रों में सभी तैयारी पूरी हो गई थी। बारदाने और अन्य आवश्यक जरूरत पूरी हो गए, परन्तु किसान अभी तक धान लेकर खरीदी केंद्रों में नहीं पहुंच पाए हैं।
एक माह में तीन हजार क्विंटल भी नहीं हुई खरीदी
विकासखंड बतौली के छ: खरीदी केंद्रों में एक माह बीत जाने के बाद भी अभी तक 3000 क्विंटल धान की खरीदी नहीं हो पाई है। छ: केंद्रों में सबसे ज्यादा बटाइकेला में 2443.60 क्विंटल, बतौली में 295.20, खड़धोवा में 114.40 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। सबसे ज्यादा बटाइकेला और सबसे कम खड़धोवा में खरीदी हुई है, जबकि मंगारी,बोदा और सेदम में खरीदी चालू नही हो पाई है।
बारिश की अनिश्चितता से बोवाई में देरी
खरीदी प्रारंभ हुए एक माह बीत जाने के बाद भी खरीदी केंद्रों में विरानी के कई कारण हैं। जिनमे सबसे अहम कारण फसल का देर से तैयार होना है। बारिश की अनिश्चितता के कारण बोवाई में देर होने से फसल के पकने में समय लगा। फसल के पकने के बाद मौसम के बेरुखी भी किसानों को धान काटने और मिसाई में समय लग रहा है।