सरगुजा

मेडिकल कॉलेज अस्पताल से लापता महिला की मिली लाश, शार्ट पीएम में सामान्य मौत
25-Nov-2023 7:50 PM
मेडिकल कॉलेज अस्पताल से लापता महिला  की मिली लाश, शार्ट पीएम में सामान्य मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,25 नवंबर।
मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर के मातृ एवं शिशु चिकित्सालय से प्रसव पश्चात लापता महिला का शव लावारिस हालत में गाँधी स्टेडियम के प्रवेश द्वार के पास पाये जाने के मामले में डॉक्टर द्वारा शार्ट पीएम में सामान्य मृत्यु का होना बताया गया है।

सरगुजा पुलिस द्वारा की गई जांच में महिला को चिकित्सालय से गाँधी स्टेडियम तक पहुंचाने वाले प्रत्येक वाहन चालकों से घटना के बारे में जानकारी ली गई। सीसीटीवी से महिला के द्वारा स्वयं अलग-अलग वाहनों में बैठकर गाँधी स्टेडियम के प्रवेश गेट तक पहुंचने की पुष्टि हुई। मृतिका के शव निरीक्षण के दौरान शरीर में किसी भी प्रकार के बाह्य चोट का होना नहीं पाया गया था।

पुलिस ने बताया कि 22 नवंबर की मध्य रात्रि ग्राम गौरा थाना प्रतापपुर जिला सूरजपुर निवासी लक्ष्मी मरावी को सिकलसेल बीमारी से ग्रसित होने एवं गर्भवती होने पर बेहतर इलाज हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर से अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किये जाने पर महिला के परिजनों के द्वारा जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उक्त महिला प्रसव पीड़ा बढऩे पर 24 नवंबर को मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में समय से पूर्व नवजात शिशु को जन्म दी। 

प्रसव पश्चात महिला ठण्ड लगने की बात अपने परिजनों को बोलकर चिकित्सालय के बाहर धूप तापने के लिए आई थी, कुछ देर बाद मातृ एवं शिशु चिकित्सालय से उक्त प्रसूता के लापता होने एवं लापता होने के कुछ घंटों बाद उक्त महिला का शव गाँधी स्टेडियम के प्रवेश गेट के पास मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी।

मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा के निर्देशन में उक्त प्रसूता के चिकित्सालय से लापता होकर गाँधी स्टेडियम के प्रवेश गेट के पास तक पहुंचने एवं प्रसूता की हुई मौत की अग्रिम जांच हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व मे पुलिस टीम का गठन कर मृतिका के मौत का स्पष्ट कारण पता लगाने हेतु निर्देशित किया गया था।

पुलिस टीम द्वारा मामले में अग्रिम कार्रवाई करते हुए चिकित्सालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरा की जांच की गई। फुटेज जांच में उक्त महिला कुछ देर तक अस्पताल परिसर में ही बैठी दिखाई दी। महिला थोड़ी देर बाद चिकित्सालय के सामने से एक ऑटो में बैठकर ऑटो चालक को अपने ग्राम गौरा छोडऩे के लिए बोली। ऑटो चालक द्वारा गौरा तक न जा पाने की बात बोलने पर बस स्टैंड तक छोडऩे के लिए बोली। ऑटो चालक द्वारा उक्त महिला को बस स्टैंड तक छोड़ा गया। 

शहर में लगे विभिन्न सीसीटीवी फुटेज के मिलान करने पर एवं ऑटो चालक से पूछताछ करने पर ऑटो चालक द्वारा उक्त महिला को सही सलामत बस स्टैंड में छोडऩा पाया गया। उक्त महिला द्वारा बस स्टैंड से प्रतापपुर जाने वाली बस में बैठकर ग्राम गौरा जाने की बात बताई। उक्त बस के बस स्टैंड से निकलने पश्चात गाँधी चौक के आगे सवारी लेने हेतु रुकने पर महिला बस से न जाने की बात बोलते हुए स्वयं उतर गई। 

बस कंडक्टर एवं बस चालक से पूछताछ में उक्त महिला का अकेले बस से उतरना पाया गया। बस से उतर जाने के पश्चात उक्त महिला गाँधी स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर बैठे थी। बैठने के कुछ घंटे बाद महिला अचेत हो गई थी। महिला के अचेत होने की सूचना पर डायल 112 एवं डायल 108 के कर्मचारियों द्वारा उक्त महिला को जिला अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों की टीम द्वारा उक्त महिला को जांच पश्चात मृत घोषित कर दिया गया।

उक्त मृतक महिला के साथ किसी भी प्रकार की संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा उक्त महिला का शव निरीक्षण किया गया, जो महिला के शव में किसी भी प्रकार का बाह्य चोट होना नहीं पाया गया एवं उक्त महिला का पोस्टमार्टम कराने पर डॉक्टर्स की टीम द्वारा शार्ट पीएम मे सामान्य प्रकृति का मौत होना लेख किया गया है।

 महिला के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। अब तक की जांच मे महिला के साथ किसी भी प्रकार के संज्ञेय अपराध का घटित होना नहीं पाया गया है। मामले मे परिजनों से पूछताछ की जा रही है। अग्रिम जांच जारी है।


अन्य पोस्ट