सरगुजा

पीएम का एक नया छत्तीसगढ़ बनाने का सपना था वह पूरा नहीं हो पाया- राजनाथ
11-Nov-2023 5:04 PM
पीएम का एक नया छत्तीसगढ़ बनाने का सपना था वह पूरा नहीं हो पाया- राजनाथ

रक्षा मंत्री ने कहा -भ्रष्टाचारियों को भाजपा कभी माफ नहीं करेगी चाहे वो कोई भी हो...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 नवंबर।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि  देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक नया छत्तीसगढ़ बनाने का सपना था. वह पूरा नहीं हो पाया। कुछ दिन में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

आज सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा में चुनावी जनसभा को संबोधित करने के लिए देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुँचे। उन्होंने पूर्व सैनिक भाजपा प्रत्याशी रामकुमार टोप्पो को विधानसभा चुनाव में भारी मतों से जीता कर छत्तीसगढ़ के विधानसभा भेजने के लिए जनता से अपील की। 

केंद्रीय रक्षा मंत्री ने प्रदेश की कांग्रेस की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचारियों को भाजपा कभी माफ नहीं करेगी चाहे वो कहीं का भी हो। कांग्रेस नेताओं का रिपोर्ट कार्ड जीरो बटे सन्नाटा है, फिर भी कांग्रेसी कहते हैं हम ही हीरो हैं लेकिन ये जीरो हैं।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आने के बाद से ही भ्रष्टाचार चरम पर है, वहीं कांग्रेस की सरकार में तो सट्टा बाजार भी गर्म रहा है, जिसकी वजह से जांच एजेंसियों ने महादेव ऐप ने कई खुलासे किए हंै। इस महादेव सट्टा में जिस किसी की भी सहभागिता होगी, वे सभी जेल जाएंगे। अब तो यहां महादेव ने तय कर लिया है कि कांग्रेस की सरकार जाने वाली है। 

आगे कहा कि इस क्षेत्र में धर्मांतरण का मुद्दा भी एक बड़ा मुद्दा रहा है। भाजपा की सरकार बनते ही सरकार धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए पहला कदम उठाएगी। कांग्रेस ने गरीबों के घर के लिए राज्यांश नहीं दिया। 16 लाख घर नहीं बनने दिया, हम सरकार में आएंगे तो गरीबों के छत के लिए रुपए सीधे हितग्राहियों के खाते में आ जाएंगे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जहां भी कोयला दिखता है, अपने हाथ और मुंह काला करा लेते हैं। कांग्रेस सरकार ने पीएससी तक को नहीं छोड़ा। यहां युवाओं के साथ धोखा किया गया। पीएससी की परीक्षा में कांग्रेस अपने रिश्तेदारों को भर दिया। भाजपा की सरकार आएगी तो पीएससी घोटाले की जांच कराएंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यहां घोटाले ही घोटाले हो रहे हैं। चावल का घोटाला, गौठान घोटाला, शराब और कोयला घोटाला। इस बार जनता सब जान चुकी है। चुनाव में सबक सिखाएगी।
छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनती है तो दो साल के अंदर सभी घरों में नल का कनेक्शन देंगे। आदिवासियों के लिए भाजपा की सरकार संवेदनशील रही है। पहली बार दिल्ली में आदिवासियों के लिए केंद्र में मंत्रालय बनाने का काम अटल जी ने किया था। 75 सालों में किसी आदिवासी को राष्ट्रपति भी भाजपा की सरकार ने बनाया है।


अन्य पोस्ट