सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,10 नवंबर। शुक्रवार को धनतेरस के दिन बाजार में जमकर धन वर्षा हुई। ऑटोमोबाइल्स, फर्नीचर, जेवरात, बर्तन की जमकर खरीदी लोगों ने की। इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम के बाजार ऑनलाइन खरीदी के कारण थोड़े कमजोर नजर आए पर इलेक्ट्रॉनिक आइटम की दुकानों में भी ग्राहकी पूरे दिन चली।
धनतेरस पर संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में जमकर धनवर्षा हुई। पूरे दिन बाजार गुलजार रहा, लोगों ने जमकर खरीददारी की। इस बार धनतेरस में वाहनों, ज्वेलरी व फर्नीचर की बिक्री रिकार्ड तोड़ रही। इस वर्ष चार पहिया वाहन, ट्रैक्टर एवं दोपहिया वाहनों की रिकार्ड बिक्री हुई।
पुष्य नक्षत्र में व्यापार के बाद धनतेरस में जमकर धनवर्षा हुई। धनतेरस पर भगवान धनवंतरी व कुबेर की पूजा-अर्चना के साथ धनतेरस पर सुख, समृद्घि के मंगल दीप जलाए गए। इसी के साथ ही ज्योति पर्व का आरंभ भी हो गया। धनतेरस पर दो दिनों से सजे बाजार पर लोगों ने जमकर धन बरसाया।
धनतेरस पर सुबह से ही नगर के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में भारी भीड़ उमडऩी शुरू हो गई थी। जिले भर से आए लोगों ने जमकर खरीददारी की। दोपहिया, चारपहिया वाहनों की आपूर्ति में कमी व सोने, चांदी के दामों में स्थिरता से आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स सामान खरीदने लोगों का सैलाब उमड़ा। महिलाएं जहां ज्वेलरी और रसोई के जरूरी बर्तनों, पूजा के सामानों की खरीददारी में लगी रहीं, वहीं पुरूष वर्ग इलेक्ट्रानिक्स सामान, दोपहिया, चारपहिया वाहनों की खरीददारी में लगे रहे। धनतेरस पर सोने एवं चांदी के दामों में स्थिरता के कारण लोगों ने ज्वेलरी दुकानों में अन्य वर्षों की तुलना में व्यवसाय बेहतर रहा। सोने, चांदी के सिक्कों के साथ देवी-देवताओं की मूर्तियां व अन्य आभूषणों की जमकर खरीददारी हुई।
दोपहिया वाहनों की एजेंसियों में तो पखवाड़े भर पहले से बुकिंग की गई थी, वहीं चारपहिया वाहनों में सर्वाधिक बिक्री हुई। धनतेरस पर इस बार भी फर्नीचर व्यवसाय में चमक रही। पिछले कुछ वर्षों से लोग तरह-तरह के फर्नीचर खरीदने में अधिक रुचि दिखा रहे हैं।
4 पहिया वाहनों पर प्रतिबंध से राहत
धनतेरस के एक दिन पहले तक शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ी हुई थी। धनतेरस के दिन सुबह से पुलिस ने विशेष इंतजाम कर दिया था। शहर के प्रमुख व्यवसायिक मार्गों में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होने से जाम की स्थिति कहीं नहीं बनी। कई मार्गों को वन वे कर दिया गया था। चाक चौबंद व्यवस्था से व्यवसायियों के साथ ग्राहकों को भी राहत मिली।
पेट्रोल की महंगाई के कारण इलेक्ट्रॉनिक बाइक का बाजार भी गुलजार रहा।पहले से विभिन्ना कंपनियों के इलेक्ट्रॉनिक बाइक की बुकिंग की गई थी। लोगों ने इस बार विभिन्ना नामी कंपनियों के दो पहिया वाहनों के साथ इलेक्ट्रॉनिक बाइक की जमकर खरीददारी की।