सरगुजा
उपमुख्यमंत्री ने 20 बिंदुओं वाला कांग्रेस का घोषणा पत्र किया जारी,
कर्ज माफी और 3200 रुपए क्विंटल में धान खरीदी सहित कई घोषणाएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 नवंबर। उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने रविवार को अंबिकापुर नगर के राजीव भवन में कांग्रेस के 20 बिंदुओं वाला घोषणा पत्र जारी किया। इसके बाद श्री सिंहदेव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने 2018 के विधानसभा चुनाव में जो घोषणा पत्र जारी किए थे, उनमें से अधिकांश वादे भूपेश सरकार ने पूरे किए हैं।
आगे कहा कि भूपेश सरकार ने ऐसी सरकार दी है, जिसे हर वर्ग मानता है। इस सरकार ने 5 वर्षों में जनता का भरोसा जीता है, इसलिए कांग्रेस फिर से भरोसे का घोषणा पत्र लेकर आई है, जिसमें किसानों का फिर से कर्ज माफी सहित 3200 रूपए प्रति क्विंटल धान खरीदी, 200 यूनिट तक बिजली फ्री, 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी,सभी सरकारी स्कूलों कॉलेजों में केजी से लेकर पीजी तक मुफ्त शिक्षा,गैस सिलेंडर पर 500 रूपए की सब्सिडी,17.5 लाख गरीब परिवार को आवास देने सहित कई बड़े वादे कांग्रेस ने की है जिसे सरकार बनते ही पूरा करेंगे।
श्री सिंहदेव ने कहा कि भाजपा ने जो घोषणा पत्र जारी किया है वह कांग्रेस के घोषणा की फोटो कॉपी है। पहले यही भाजपा के लोग छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नीति को नहीं मानते थे और कहते थे कि हम रेवडिय़ां बांटने में विश्वास नहीं करते, आज वही कांग्रेस के घोषणा पत्र की फोटो कॉपी करके जनता को भ्रमित कर रहे हैं,यह छत्तीसगढ़ कांग्रेस के विचारधारा और कार्य की जीत है। जनता भाजपा के इस भ्रमित घोषणा पत्र पर कभी विश्वास नहीं करेगी।