सरगुजा

भाजपा के घोषणा पत्र से कांग्रेस डरी, सरकार में रहते सही समय पर नहीं किया जारी- संजय श्रीवास्तव
05-Nov-2023 9:11 PM
भाजपा के घोषणा पत्र से कांग्रेस डरी, सरकार में रहते सही समय पर नहीं किया जारी- संजय श्रीवास्तव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 नवंबर।
रविवार को कांग्रेस के घोषणा पत्र जारी होने के उपरांत भाजपा संभागीय संगठन प्रभारी सरगुजा  संजय श्रीवास्तव ने भाजपा कार्यालय संकल्प भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए व आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र से कांग्रेस सरकार डर गई है। कांग्रेस सरकार ने आम जनता के बीच सरकार में रहते हुए सही समय पर घोषणा पत्र जारी नहीं किया। एक ओर  घोषणा पत्र जारी नहीं किया, वहीं दूसरी ओर छोटी-छोटी घोषणा करते रहे।

आगे कहा कि भाजपा ने घोषणा पत्र में 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी का ऐलान किया तो कांग्रेस इससे डर गई और बच्चों की तरह हरकत करते हुए धान खरीदी को 3200 प्रति क्विंटल बढ़ाकर देने की घोषणा कर दी। 

श्री श्रीवास्तव ने कहा कि यह कांग्रेस का घोषणा पत्र ठगपत्र है, इस पर जनता विश्वास नहीं करेगी। कांग्रेस सरकार ने 2018 में जो घोषणा की थी, उसमें 60 फ़ीसदी भी घोषणा पूरी नहीं हुई है। जो घोषणा कांग्रेस सरकार ने पूरा नहीं किया, उसे अपने नई घोषणा में भी शामिल नहीं किया है। शराबबंदी को भी इस बार के घोषणा पत्र में शामिल नहीं करना प्रदेश सरकार की मंशा को साफ जाहिर करता है। कांग्रेस के घोषणा पत्र को देखकर ऐसा लगता है कि वह पूरी तरह से हताश हो गए हैं।


अन्य पोस्ट