सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 अक्टूबर। किराना दुकान से चोरी के मामले में पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से किराना दुकान से चोरी किया हुआ समान बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक़ प्रार्थी आकाश कुमार हर्षवानी निवासी केदारपुर मिशन अस्पताल अम्बिकापुर के दुकान से गत 5 अक्टूबर को आर्टिफिसियल पायल, बिछिया, मानीटर, एवं काउंटर में रखा 3000 नगद सहित कुल किमती 79900 रुपये का सामान कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया था, प्रार्थी के रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
संयुक्त पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों के सम्बन्ध में तकनीकी जानकारी प्राप्त की और विशेष पुलिस टीम द्वारा एक आरोपी की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ की गई। आरोपी द्वारा अपना नाम पुस्तक दास उम्र 22 वर्ष बाजारडांड़ महेशपुर थाना सीतापुर का होना बताया।
आरोपी से घटना के सम्बन्ध मे पूछताछ करने पर अपने साथी वेद सिंह उम्र 20 वर्ष मंगारी जुनापारा थाना सीतापुर एवं विधि से संघर्षरत बालक के द्वारा चोरी करना बताया। सभी आरोपियों को तत्काल घेराबंदी कर गिरफ़्तार किया गया हैं, आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। आरोपियों के निशानदेही पर किराना दुकान से चोरी किया गया समान बरामद किया गया है।