सरगुजा

भारत को जानो स्पर्धा, स्कूली बच्चों ने लिया बढ़-चढक़र हिस्सा
18-Oct-2023 8:57 PM
भारत को जानो स्पर्धा, स्कूली बच्चों ने लिया बढ़-चढक़र हिस्सा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 18 अक्टूबर।
भारत विकास परिषद अंबिकापुर शाखा द्वारा विद्यालयीन छात्रों के लिए सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका शीर्षक है ‘भारत को जानो’।

यह प्रतियोगिता अपने स्वरूप का शहर का पहला ऐसा आयोजन है, जो बच्चों को भारत के दर्शन किताब के माध्यम से कराता है, उक्त प्रतियोगिता कक्षा 6वीं से 8वीं और कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए दो वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें सरगुजा जिले के छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। ज्ञात हो कि हर वर्ष देशभर की 1400 शाखाओं में 15 लाख से अधिक बच्चे इस स्पर्धा में हिस्सा लेते हैं।

सर्वप्रथम क्वालीफाइंग राउंड का आयोजन 8 अक्टूबर रविवार को दशमेश पब्लिक स्कूल एवं 10 अक्टूबर मंगलवार को शहर के विभिन्न विद्यालयों में रखा गया था, जिसमें चयनित छात्र-छात्राओं ने जिला स्तरीय क्वीज प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसका आयोजन दशमेश स्कूल में किया गया था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में शहर के जाने माने चिकित्सक डॉ. पी के श्रीवास्तव एवं विशेष अतिथि के रूप में श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष रघुवीर सिंह छाबड़ा, परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य पुरुषोत्तम अग्रवाल, त्रिलोचन सिंह बाबरा, रिंकू सिंह गौ सेवा मंडल एवं प्रतिभागी छात्रों के अभिभावकगण उपस्थित रहे।  कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद अंबिकापुर शाखा के अध्यक्ष डॉ. योगेंद्र सिंह गहरवार ने की। 

सर्वप्रथम कार्यक्रम में एलिमिनेटर राउंड का आयोजन हुआ जिसमें जूनियर एवं सीनियर वर्ग के 20-20 चयनित छात्रों ने भाग लिया, इनमे से 10-10 छात्रों का चयन क्वीज राउंड के लिए हुआ। क्वीज राउंड का आयोजन बड़े ही आकर्षक रूप में किया गया जिसमें भारत से जुड़े विभिन्न विषयों पर ऑडियो विजुअल माध्यम से सवाल पूछे गए और छात्रों ने बहुत ही अच्छे प्रकार सवालों के उत्तर दिए।
 
कड़ी प्रतिस्पर्धा में जूनियर वर्ग का निर्णय टाई ब्रेकर राउंड करवा कर लिया गया, जिसमें अक्षांश शर्मा एवं आदित्य नारायण मिश्रा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और तन्मय गुप्ता एवं श्रुति गुप्ता की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।  सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान बृजभूषण राम एवं आयुषी सोनी और द्वितीय स्थान मयंक तिवारी एवं पूर्वा कटारिया की टीम ने प्राप्त किया। 

अगले दौर में जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दोनों वर्गों में प्रथम आने वाली टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी, जो कि भिलाई में आयोजित होनी है और इस प्रकार बच्चे राष्ट्रीय स्तर तक चयनित होंगे। मंच का संचालन सीए आशीष मंगल एवं सीए विजय अग्रवाल ने किया और कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों से भी सवाल किए, सही जवाब देने पर ससम्मान ‘भारत को जानो’ पुस्तक उपहार स्वरूप दी गई। 

कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया एवं बाकी बच्चों को भी सांत्वना पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया। अंत में संस्था के सचिव सीए शरद अग्रवाल ने सभी आगंतुकों का आभार प्रदर्शन किया एवं बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने पर विशेष धन्यवाद कर उनके भविष्य के लिए मंगलकामनाएं दी। 

कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर, विवेकानंद स्कूल, साई बाबा स्कूल, होलीक्रॉस हिंदी मीडियम स्कूल, सिग्नेचर कोचिंग, ब्राइट फ्यूचर कोचिंग, श्रेष्ठ एकेडमी, दशमेश स्कूल एवं पार्वती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस का पुरजोर सहयोग मिला। 

इस अवसर पर शुभम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, विनोद सोनी, रंचित केडिया, गोविंद तिवारी, दिनेश अग्रवाल, विक्रम सिंह बाबरा, शरद साहनी,नरेंद्र सिंह टुटेजा एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


अन्य पोस्ट