सरगुजा
महामाया व दुर्गा मंदिरों में भक्तों की उमड़ी भीड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 15 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र रविवार से घटस्थापना के साथ ही शुरू हो गया है। माता के भक्तों ने नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की विधि विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना की।
नगर की आदिशक्ति मां महामाया मंदिर, गांधी चौक स्थित दुर्गा मंदिर शक्ति पीठ, पुलिस लाइन स्थित गौरी मंदिर, काली माता मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों में ज्योति कलश स्थापित किए गए। साथ ही माता के भक्तों द्वारा विधिविधान के साथ घरों में हरियाली बोकर कलश स्थापित किए।
नवरात्रि पर्व के पहले दिन अंबिकापुर नगर की आराध्य देवी मां महामाया एवं गांधी चौक स्थित दुर्गा मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस द्वारा भक्तों के दर्शन के लिए चाक सौगंध व्यवस्था की गई थी। पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय रहा एवं माता के जयकारा से गूंज उठा।
शक्ति आराधना का पर्व नवरात्र पर देवी दुर्गा की पूजा और साधना की जाती है। इसके अलावा देवी के नौ अलग-अलग रूपों की पूजा होती है। हिंदू धर्म में देवी दुर्गा जो माता पार्वती का ही स्वरूप हैं, उन्हें महाशक्ति के रूप में पूजा जाता है।शारदीय नवरात्र को लेकर शहर में उत्सवी माहौल नजर आने लगा है।
शहर में जगह-जगह आकर्षक पंडालो में मां दुर्गा विराजमान हुईं। नगर में लगभग एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पंडाल और झांकिया सजाकर माता रानी की स्थापना की गई है। नौ दिनों तक माता रानी के जयकारों के साथ-साथ आरती की स्वरलहरियां गूंजेंगी।