सरगुजा

हाथी दल शाम ढलने से पहले निकला सडक़ों पर
06-Oct-2023 8:32 PM
हाथी दल शाम ढलने से पहले निकला सडक़ों पर

जजगी-केदमा मार्ग को 2 घंटे के लिए किया बंद

लोग हाथियों को देखने अपनी जान जोखिम में डाल रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर,6 अक्टूबर। हाथी दल शाम ढलने से पहले तीन से चार बार मुख्य सडक़ पर आ गए। जिस पर जजगी-केदमा मार्ग को 2 घंटे के लिए बंद किया गया। लोग हाथियों को देखने अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।

ग्यारह हाथियों के दल को उदयपुर वन परिक्षेत्र में विचरण करते लगभग एक माह हो गया है। हाथी दल शुक्रवार को शाम ढलने से पहले करीब चार बजे पतरापारा जंगल को पार कर अलकापुरी होते हुए जजगी जंगल पहुंचे, इस दौरान बस्ती जाने से पहले हाथियों ने जजगी केदमा मार्ग पर तीन से चार बार मुख्य सडक़ पर आ गए। इसके बाद जजगी केदमा मार्ग को 2 घंटे के लिए बंद किया गया।

हाथियों के सडक़ पर दिन में ही निकलने की सूचना पर सैकड़ों लोग चाहे वह शहर के हों या गांव के सभी लोग हाथियों को देखने दौड़ पड़े। वन अमला की चेतावनी को दरकिनार कर अपनी जान को जोखिम में डाल हाथियों के बिलकुल नजदीक जाकर फोटो और वीडियो बनाने लगे।

गजराज वाहन के माध्यम से तथा मैदानी वन अमला द्वारा लोगों को काफी मशक्कत के बाद हाथियों से दूर भेजा जा सका। हाथियों का दल अभी भी जजगी कक्ष क्रमांक 2027 में धान की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हंै।   वन अमला की टीम रेंजर गजेंद्र दोहरे के मार्गदर्शन में डिप्टी रेंजर रमेश सिंह, वन पाल चंद्रभान सिंह, परमेश्वर सिंह, वन रक्षक संतोष, राजेश, आरमों, धनेश्वर, प्रवीण शर्मा, रेलुस खेस सुरक्षा श्रमिक कृष्णा सक्रिय हैं।


अन्य पोस्ट