सरगुजा

तथ्यों की जानकारी बगैर भाजपा की राष्ट्रीय स्तर की महिला नेता गढ़ रही मनगढं़त कहानियां-अनूप
06-Oct-2023 8:29 PM
तथ्यों की जानकारी बगैर भाजपा की राष्ट्रीय स्तर की महिला नेता गढ़ रही मनगढं़त कहानियां-अनूप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,6 अक्टूबर।
भाजपा की राष्ट्रीय स्तर की महिला नेता द्वारा सडक़ किनारे महिला के प्रसव मामले में दिए गए बयान को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा प्रवक्ता अनूप मेहता ने पलटवार किया है। 

श्री मेहता ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा और उसके सबसे बड़े और छोटे नेता लगातार झूठ और दुष्प्रचार की मनगढ़ंत कहानियां गढ़ते रहते हैं। भाजपा की राष्ट्रीय स्तर की एक महिला नेता से यह उम्मीद नहीं थी कि वो तथ्यों की जानकारी के बिना झूठे आरोप लगाएं। जिस महिला का नाम लेकर वो आरोप लगा रही हैं, उस नाम की कोई भी महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के लिये भर्ती ही नहीं है। कुछ दिनों पूर्व एक मानसिक अस्वस्थ महिला के द्वारा सडक़ किनारे एक निजी अस्पताल के सामने बच्चे को जन्म दिया था,  जिसकी जानकारी मिलते ही महिला और बच्चे को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गयी थी। जच्चा-बच्चा पूर्णत: स्वस्थ हैं। दुर्भाग्यवश मानसिक रूप से अस्वस्थता के कारण वह महिला प्रसव के लिये स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त करने में सक्षम नहीं थी, जिसे तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई, लेकिन उससे भी ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण है भाजपा की एक राष्ट्रीय स्तर के महिला नेता की दुष्प्रचार और झूठ पर आधारित राजनीति। 

तीन  दिन पूर्व हुई इस घटना के बाद भाजपा का कोई भी स्थानीय नेता महिला का हाल-चाल लेने नहीं गया। भाजपाइयों ने घटना के तथ्यों को भी जानने की कोशिश नहीं की और झूठ और दुष्प्रचार की राजनीति में लग गए।


अन्य पोस्ट