सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 अक्टूबर। स्व. डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र,कोरिया द्वारा रावे कार्यक्रम के अंतर्गत अंगीकृत ग्राम महोरा, विकासखंड बैकुंठपुर में कृषि सूचना केन्द्र का उद्घाटन अधिष्ठाता डॉ. डी.के. गुप्ता की अध्यक्षता, उप-सरपंच संतोष तिवारी के मुख्य आतिथ्य एवं भूतपूर्व सरपंच लोकनाथ सिंह तथा प्रगतिशील कृषक कृष्णदत्त त्रिपाठी के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।
अधिष्ठाता ने ग्राम प्रतिनिधियों एवं किसानों को रावे विद्यार्थियों का भरपूर सहयोग करने के लिये उनकी सराहना की तथा विद्यार्थियों द्वारा उन्नत कृषि, पशुपालन, मशरुम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, संरक्षित खेती, समन्वित कृषि प्रणाली, सीढीनुमा खेती, ड्रिप सिंचाई इत्यादि पर तैयार किये गये आकर्षक प्रारुपों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। रावे समन्वयक डॉ. एस.के. सिंह ने रावे कार्यक्रम अंतर्गत की गयी गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया।
रावे छात्र राकेश साहू ने ‘ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव’ के तहत ग्रामीण किसानों को रावे विद्यार्थियों द्वारा उन्नत कृषि तकनीकों का प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उप-सरपंच, भूतपूर्व सरपंच एवं कृष्णदत्त त्रिपाठी सहित प्रगतिशील कृषकों ने अपना अनुभव साझा किया।
मंच-संचालन डॉ. संजय कुमार घृतलहरे तथा आभार-प्रदर्शन डॉ. एस.के. सिंह ने किया। महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राहुल आर्य, डॉ. एन.के. मिश्रा, पी.एस. पैकरा एवं कर्मचारीगण, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी रीता लकड़ा, रावे छात्र-छात्राएं, कृषक, गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।