सरगुजा

युवाओं को खेल में आगे लाने के लिए हमेशा प्रयासरत रहूँगा-प्रबोध मिंज
03-Oct-2023 10:06 PM
युवाओं को खेल में आगे लाने के लिए हमेशा प्रयासरत रहूँगा-प्रबोध मिंज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 अक्टूबर। स्व.श्याम किशोर शर्मा स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता ग्राम कतकालो में भाजपा लुंड्रा विधानसभा प्रत्याशी प्रबोध मिंज के मुख्य आतिथ्य में आयोजित की गई। फाइनल मुकाबला ग्राम खाला और ग्राम कुल्हाड़ी की टीमों के बीच खेला गया। फाइनल मुकाबले में पेनल्टी शूट आउट में खाला की टीम विजयी रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रबोध मिंज ने विजेता टीम को ट्रॉफी भेंट कर बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवा प्रतिभाएं भरी पड़ी हैं बस जरूरत है उन्हें उचित अवसर प्रदान करने की। मैं विजेता टीम को बधाई देता हूं तथा उपविजेता टीम को अच्छा खेल दिखाने के लिए शाबाशी देता हूं।

मैं व्यक्तिगत रूप से क्षेत्र के युवाओं को खेल तथा अन्य क्षेत्रों में आगे लाने के लिए हमेशा प्रयासरत रहूँगा।

इस अवसर पर ग्राम सरपंच अमर सिंह, उप सरपंच रामानंदन, पूर्व जनपद सदस्य उमा शंकर चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्राम वासी व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट