सरगुजा
सरगुजा की खुशबू ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
अंबिकापुर, 28 सितंबर। 41वीं सीनियर नेशनल महिला नेटबॉल 21 से 24 सितम्बर तक हरियाणा के सोनीपत में आयोजित की गई थी। जिसमें छत्तीसगढ़ टीम ने कांस्य पदक प्राप्त किया। छत्तीसगढ़ सीनियर नेटबॉल टीम में सरगुजा की खिलाड़ी खुशबू गुप्ता भी शामिल थीं। खुशबू ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ महिला नेटबॉल टीम ने अपना दम ख़म दिखाते हुए 10 साल बाद एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की। नेटबॉल में 2021 में छत्तीसगढ़ की पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया था, वहीं महिला टीम ने आखरी बार 2013 में पदक प्राप्त किया था। इस जीत से सरगुजा की खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के उत्कृष्ट खिलाडिय़ों की सूची में जल्द ही शामिल होंगी। पदक जीतने पर आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, इंजी. सोमनाथ सिंह, विंधेश्वर शरण सिंहदेव, हिमांशु जायसवाल, वेदांत तिवारी, रजत सिंह ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।