सरगुजा

गांधी स्टेडियम का एक स्टैंड होगा भीषम सिंह के नाम
28-Sep-2023 3:32 PM
गांधी स्टेडियम का एक स्टैंड होगा भीषम सिंह  के नाम

अम्बिकापुर, 28 सितम्बर। सरगुज़ा सम्भाग के सबसे बड़े  खेल मैदान गांधी स्टेडियम का मुख्य पैवेलियन सरगुज़ा में फुटबॉल के भीष्म पितामह स्व भीषम सिंह  के नाम से जाना जाएगा।

स्व महाराजा एस सिंह देव स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरगुजा में जब कभी खेल का नाम आता है भीषम सिंह सर को याद किया जाता है। उन्होंने अपना जीवन फुटबॉल को समर्पित कर दिया था, बेहतरीन खिलाड़ी रहे थे। उनका चयन मोहन बगान जैसे भारत के सबसे प्रतिष्ठित टीम में भी हुआ था। उनके नाम पर स्टेडियम का पैवेलियन और स्टैंड पहले ही हो जाना था।

मेयर डॉ. अजय तिर्की को उन्होंने इसकी प्रक्रिया पूर्ण करने कहा। श्रम कल्याण मण्डल अध्यक्ष शफ़ी अहमद, प्रदेश महासचिव द्वितेन्द्र मिश्रा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता सहित गणमान्य अतिथियों और खेल से जुड़े लोगों ने हाथ उठाकर इस प्रस्ताव का समर्थन किया। स्व भीषम सिंह के पुत्र रजनीश सिंह ने खेल संगठनों और परिवार की ओर इस निर्णय के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया है।


अन्य पोस्ट