सरगुजा

लखनपुर के गांवों में धूमधाम से मनाया करमा त्योहार
26-Sep-2023 8:30 PM
लखनपुर के गांवों में धूमधाम  से मनाया करमा त्योहार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,26 सितंबर।
सरगुजा लोक त्योहारों की फेहरिस्त में करमा त्योहार का विशेष महत्व है, इसे पद्मा एकादशी भी कहा जाता है। करमा तिहार 25 सितम्बर दिन सोमवार को नगर कुंवरपुर सहित लखनपुर  बिकाशखंड के ग्रामीण अंचलों में उल्लास के साथ मनाया गया। 

दरअसल तीजा त्योहार के ठीक आठ रोज बाद भाद्र मास के शुक्ल एकादशी तिथि को करमा त्योहार मनाये जाने की परम्परा रही है। इस त्यौहार को मनाये जाने लोगों में खासा उत्साह देखा जाता है । करमा त्योहार मनाने आठ रोज पहले महिलाओं युवतियों द्वारा जौ, मक्का, धान, गेहूं आदि बीजों का जाई बोया जाता है। इस दिन महिलाएं लड़कियां निर्जला उपवास रख एकत्रित होकर करमदेव का पूजा अर्चना करती है। 

करमा त्योहार को प्रकृति पूजा से भी जोडक़र देखा जाता है। ऐसा माना जाता है कि पेड़ शुद्ध वायु के साथ हमें फल छाया प्रदान करते हैं। पर्यावरण सुरक्षा की कामना से भी इस पर्व को मनाया जाता है । करम डाल को देवता मानकर पूजते हैं। इस त्यौहार में करमी पेड़ के डंगाल की खास अहमियत होती है।

कुंवरपुर में कैसे मनाते है इस त्यौहार को
ग्राम पंचायत कुंवरपुर में सभी महिलाएं युवतियां के द्वारा जो जो उपवास रखते हैं,वह युवतियां महिलाएं बोए हुए  गेहंू, जौ, बाजरा, मकाई, के जाई  को व खीरा को बांस के दउरा में रखकर उपवास रखने वाली युवतियां महिलाओं के द्वारा सिर पर रखकर सरपंच सैनाथ सिंह के कोठार में ले जाया गया तथा वहां सभी उपवास रखने वाले एकत्रित हुए  वहीं कुंवरपुर बैगा आलम साय के द्वारा करम डाल की पूजा कराने के बाद गांव के कोटवार मनिजर के द्वारा करमा त्योहार से जुड़ी प्रचलित कथाएं महिलाओं को सुनाया गया।बाद  में पूजा अनुष्ठान  करने के बाद मांदर के थाप पर थिरकते हुए महिला पुरुष हिल मिलकर करमा नृत्य किए। 

लोक त्योहारों में मशहूर करमा त्योहार आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में पूरे दिलचस्पी के साथ मनाते हैं। महिलाएं सारी रात करम देव को रिझाने श्रृंखलाबद्ध होकर करमा नृत्य करते हैं। रियासत काल में राजमहल के सामने करम देव के किस्से कहानियां सुनने सुनाने के बाद करमा नृत्य का आयोजन हुआ करता था। पुरवासी महिलाएं राजमहल प्रांगण में एकत्रित होती थीं।

कुंवरपुर गांव में कर्मा त्यौहार  प्रचलन अभी भी है बरकरार

कालांतर में किस्से कहानी पूजा अनुष्ठान का चलन तो बाकी है, लेकिन करमा नृत्य किये जाने की प्रथा तकरीबन खत्म सी हो गई है। ग्रामीण अंचलों में करमा नृत्य किये जाने की चलन अब भी बरकरार है।
फिलहाल कुंवरपुर के अलावा गांवों में करमा त्योहार धूमधाम से मनाया गया। मांदर के थाप लोग ही नहीं अपितु सारी रात भी थिरकती रही।

करमा त्योहार में पकवान खाने खिलाने के साथ कच्ची महुआ शराब पीने पिलाने का भी दौर चलता है। आदिवासी इलाकों में करमा पर्व लगभग सप्ताह भर तक मनाया जाता है। करमा मनाने का सिलसिला बदस्तूर जारी है।


अन्य पोस्ट