सरगुजा

उप मुख्यमंत्री माँ महामाया मंदिर के प्रवेश द्वार का आज करेंगे भूमिपूजन
26-Sep-2023 8:19 PM
उप मुख्यमंत्री माँ महामाया मंदिर के  प्रवेश द्वार का आज करेंगे भूमिपूजन

50 लाख की लागत से बनेगा भव्य प्रवेश द्वार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 सितंबर।
बुधवार को उप मुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव माँ महामाया मंदिर के प्रवेश द्वार का भूमिपूजन करेंगे। करीब 50 लाख रुपए की लागत से 50 फीट चौड़े और 25 फीट ऊंचे भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के द्वारा कराया जा रहा है।  

पूर्व में सद्भावना चौक से महामाया मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर प्रवेश द्वार मौजूद था, लेकिन एक सडक़ दुर्घटना में यह ध्वस्त हो गया था। करीब एक वर्ष पूर्व श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद ने साथी पार्षदों के साथ एक भव्य प्रवेश द्वार के लिए पहल प्रारंभ किया था एवं अपने पार्षद निधि को इस हेतु व्यय करने का प्रस्ताव दिया था।
 
इस पहल ने पूरे शहर के निवासियों नये प्रवेश द्वार के साथ ही मंदिर तक भव्य कॉरिडोर के निर्माण के लिए एकजुट किया।

इस परिपेक्ष्य में औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक जी के निवास पर सर्व समाज की बैठक में इस पर सहमति बना कर अम्बिकापुर के महापौर डॉ. अजय तिर्की को प्रशासकीय प्रक्रिया पूर्ण करने का अनुरोध किया। उनके व नगर निगम के प्रयास से भव्य द्वारा का ड्राइंग डिजाइन व बजट तैयार हुआ।

उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की पहल पर नगरीय प्रशासन विभाग के द्वारा इस हेतु लगभग 49.30 लाख रुपए स्वीकृत किये हैं। इस भव्य द्वार के भूमिपूजन के पहले उपमुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रवेश द्वार मां महामाया मंदिर मार्ग के सौदर्यीकरण की शुरुआत भर है। उन्होंने कहा कि द्वार के आगे के मार्ग पर कॉरीडोर के साथ ही सडक किनारे फटपाथ का निर्माण होगा और लाईटिंग का काम होगा।


अन्य पोस्ट