सरगुजा
एमआईसी की बैठक में महापौर ने कहा नगर निगम गंभीर, घुनघुट्टा से टंकी में पानी लाने बनानी होगी योजना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 सितंबर। इस वर्ष कम बारिश के साथ-साथ नगरवासियों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा था। बांकी डैम में जल भराव की स्थिति को देखते हुए शहर में मात्र एक समय पानी दिया जा रहा था। बारिश कम होने से अभी भी बांकी डैम में मात्र 13 प्रतिशत ही जल भरा हुआ। स्थिति यह है कि तीन माह बाद शहरवासियों को फिर से पेयजल संबंधी विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। आने वाली समस्या को लेकर नगर निगम ने अभी से गंभीर होने का दावा किया है।
सोमवार को मेयर इन काउंसिल की बैठक में इस समस्या को लेकर गंभीरता पूर्वक चर्चा की गई। महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि बांकी डैम में जल भराव की स्थिति बिल्कुल भी ठीक नहीं है। आने वाले समय में जो समस्या आने वाली है, उसे लेकर नगर निगम गंभीर है।
अन्य क्षेत्रों से किस प्रकार से पानी सप्लाई की जा सकती है और घुनघुट्टा को कैसे डाइवर्ट करके पानी टंकी में भरा जा सके, इसके लिए अगर अभी से प्रयास नहीं किया गया तो आने वाले समय में काफी मुसीबत हो सकती है। इसके लिए योजना बनाकर काम किया जाएगा।
चुनाव से पहले कई पेंडिग काम के निपटारे के लिए मंगलवार को हुई मेयर इन काउंसिल की बैठक में कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
विगत 2005 से शहर के ट्रांसपोर्ट नगर की थमी गाड़ी को लेकर भी चर्चा की गई। नगर निगम लोक निर्माण प्रभारी सफी अहमद ने निगम आयुक्त को बताया कि 27 एकड़ जमीन ट्रांसपोर्ट नगर को मिली है 4 एकड़ में कुछ त्रुटि थी जिसमें यह बात सामने आई है कि सीजीएमएससी के नाम पर जमीन चढ़ी ही नहीं है।
वर्तमान में हटाए गए 65 गैरेज संचालक वहां अपनी दुकान लगाना चाह रहे हैं। पूर्व कलेक्टर आर. प्रसन्ना के समय काफी प्रयास गैरेज संचालकों को वहां बसानें के लिए किया गया था। उसे वक्त गैरेज संचालक वहां जाने के लिए तैयार नहीं थे। वर्तमान में 65 गैरेज वाले अगर वहां जाने को तैयार हैं तो इस प्रक्रिया को तत्काल आगे बढ़ाया जाए ताकि अन्य गैराज संचालक भी वहां आने का मन बना ले। इससे रिंग रोड में ट्रैफिक समस्या को भी काफी निजात मिलेगी।
इसके अलावा निगम स्वामित्व के गांधी स्टेडियम परिसर स्थित नवनिर्मित इंदौर मल्टीपरपज स्टेडियम हाल के संचालन व दर निर्धारण के संबंध में चर्चा करते हुए 1 अक्टूबर से उसका संचालन शुरू करने की बात कही गई।
एलईडी होर्डिंग पर भी बनी सहमति
नगर निगम की आय बढऩे से लेकर शहर में आकर्षक होर्डिंग के दृष्टिकोण से नगर निगम आयुक्त के द्वारा शहर में फिलहाल तीन स्थानों पर एलईडी होर्डिंग लगाने का सुझाव दिया गया। आयुक्त ने कहा कि नगर के घड़ी चौक, गांधी चौक व बस स्टैंड में फिलहाल एलईडी होर्डिंग के लिए सोचा गया है। इस सुझाव को सभी ने सहमति भी दी।
नगर में लंबे समय से मां महामाया द्वार की मांग को लेकर बुधवार को उसका भूमिपूजन उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के द्वारा सुबह 11.30 बजे किया जाएगा। महापौर डॉक्टर अजय तिर्की ने बताया कि 50 लाख की लागत से महामाया द्वार निर्माण किया जाएगा। इसके साथ-साथ मंदिर तक कॉरिडोर भी डवलप करना है।