सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 सितंबर। छत्तीसगढ़ में पीएससी घोटाला को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर के नेतृत्व में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर अंबिकापुर के घड़ी चौक में पुतला दहन किया।
युवा मोर्चा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पीएससी घोटाले में कई नाम सामने आए हैं, जिन्होंने अपने करीबियों को डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न पदों पर नियुक्ति दी गई थी. जिसका संज्ञान हाईकोर्ट के द्वारा लेने पर पीएससी से जुड़े अधिकारियों के करीबियों पर शिकंजा कसा गया है और पीएससी नियुक्ति पर रोक लगा दी है।
ज्ञात हो कि पीएससी घोटाले में जैसे-जैसे कई लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, उसको देखते हुए विपक्षी दल भाजपा भी हमलावर है तो वहीं आज अंबिकापुर के घड़ी चौक में कांग्रेस सरकार की शवयात्रा निकालकर पुतला दहन किया गया।
इधर, भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने आरोप लगाते कहा कि जिस तरह से कांग्रेस सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ और धोखा कर रही है। जिस तरीके से पीएससी के चेयरमैन टामन सोनवानी के रिश्तेदारों की नियुक्ति पीएससी में की गई है, जिसमें हाई कोर्ट ने 18 लोगों की नियुक्ति पर रोक लगा दी है, इससे साफ जाहिर होता है कि कितने बड़े पैमाने पर पीएससी परीक्षा में घोटाला किया गया है।