सरगुजा

दूसरों का हित करने के समान कोई श्रेष्ठ कार्य नहीं होता-रमेश भाई
23-Sep-2023 8:45 PM
दूसरों का हित करने के समान कोई श्रेष्ठ कार्य नहीं होता-रमेश भाई

श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव में उमड़े भक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 23 सितंबर। कला केंद्र मैदान में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव में बड़ी संख्या में भक्त कथा का श्रवण करने पहुंच रहे हैं। मानहेरू परिवार के द्वारा पितृ मोक्षार्थ गया श्राद्धत यह कार्य किया जा रहा है। आकर्षक पंडाल के सजावट के बीच विश्व विख्यात कथा वाचक रमेश भाई ओझा के मुखारविंद से रोजाना प्रेम धारा की वर्षा हो रही है।

 उन्होंने भागवत गीता पढऩे के लिए लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि कथा के श्रवण,पठन व चिंतन से हृदय में भगवान की भक्ति प्रकट होती है। उन्होंने कहा कि भागवत के रहस्य को समझना चाहिए। स्थूल शरीर, सूक्ष्म शरीर, कारण शरीर यह तीन शरीर हम धारण करते हैं। तन स्थूल, मन सूक्ष्म और कारण द्वारिका है। स्थूल शरीर से सूक्ष्म शरीर के पास अधिक शक्ति होती है, मन अगर कमजोर है तो चाहे तन कितना भी मजबूत हो हम भयभीत रहेंगे , इसलिए कभी-कभी तगड़ा आदमी भी डरता है और दुबला पतला आदमी भी डरवाता है क्योंकि उसका मन मजबूत रहता है, इसलिए हमें प्रभु से मन की मजबूती के लिए नित्य प्रार्थना व आराधना करनी चाहिए, खुद को भगवान से जोड़े।

उन्होंने कहा कि जब तक आत्मा रूपी श्री कृष्णा शरीर में बैठे हैं, तभी तक देह रूपी द्वारिका सलामत है। उन्होंने कहा कि विशुद्ध मन ही वासुदेव है और देवमयी बुद्धि देवकी है मन वासुदेव की तरह विशुद्ध बने इसके लिए पूजा पाठ मंत्रों का जाप करते रहें,बुद्धि देवमयी बने इसके लिए सत्संग करते रहे।

उन्होंने कहा कि तुम संसार में रहो तो कोई बात नहीं लेकिन संसार तुम्हारे में रहे तो जीवन की नैया डूबनी तय है। उन्होंने कहा कि दूसरों का हित करने के समान कोई श्रेष्ठ कार्य नहीं होता, किसी का खून पीने से,अच्छा किसी को खून का दान करना है और कहा भी जाता है कि रक्तदान जीवनदान है।

 विश्व विख्यात कथा वाचक रमेश भाई ओझा ने गुरुवार को श्री कृष्ण जन्मोत्सव का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान का जन्म संसार के कल्याण के लिए हुआ है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म अवसर पर पूरा पंडाल जय-जयकार से गूंज उठा।श्रद्धालु आनंदित होकर नाचने झूमने लगे।नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की भजन की प्रस्तुति से श्रोता भक्तों को आनंद विभोर कर दिया। इस अवसर पर बाल गोपाल के जन्म की झांकी प्रस्तुत की गई। इसमें बाबा वासुदेव टोकरी में बाल गोपाल को लेकर आए और व्यास पीठ तक लेकर गए यहां कथावाचक रमेश भाई ओझा ने बाल गोपाल को गोद में ले लिया।

इस दौरान भक्तों ने भगवान के जन्म को लेकर आनंद के साथ उत्सव मनाया।

इससे पूर्व कथावाचक रमेश भाई ओझा ने धर्म की व्याख्या करते हुए कहा कि सेवा का आशय धर्मांतरण का हो तो यह ठीक नहीं, यह सबसे बड़ा अधर्मिक प्रवृत्ति है। धर्म अमृत के समान है, संपूर्ण प्रजा को धारण करने वाला धर्म है धर्म की परिभाषा संकीर्ण नहीं है धर्म का आशय जोडऩा है तोडऩा नहीं,धर्म के माध्यम से रूपांतरण करो एक अच्छे इंसान के रूप में रूपांतरण कर सकते हो तो ठीक है,जिससे परलोक सुधरे वह धर्म है।

इस मौके पर कथावाचक रमेश भाई ओझा का वनवासी समाज ने पंडाल में परंपरागत ढंग से स्वागत किया। गणेश राम भगत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वनवासी भाई मांदर की थाप पर नाचते हुए पंडाल में उनका स्वागत अभिनंदन किया।

इस मौके पर श्री भगत ने कहा कि महाराज के श्री चरण इस सरगुजा की धरा पर पड़ा है इससे बनवासी समाज गौरवान्वित है उन्होंने कहा कि वनवासियों के हृदय में राम भगवान को जगाने वाले महाराजा रमेश भाई ओझा जी के दर्शन पाकर हम अत्यंत भाव विभोर हैं।

इधर कथा का प्रतिदिन वाचन दोपहर 3 से सायं 7.30 बजे तक किया जा रहा है। रुकमणी विवाह के वर्णन के साथ रविवार को सुदामा चरित्र की रसधारा होगी।इसके पश्चात हवन व विशाल भंडारे के साथ भागवत कथा का समापन होगा।कला केंद्र मैदान में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का श्रवण करने रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।आकर्षक पंडाल की सजावट के साथ श्रद्धालुओं की बैठने की व्यापक व्यवस्था की गई है।

व्यवस्था बनाने में मानहेरू परिवार के विजय कुमार अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल,प्रयागराज अग्रवाल,माखन अग्रवाल,रामलाल अग्रवाल,शंकर अग्रवाल, सतीश अग्रवाल,बजरंग अग्रवाल,कौशल अग्रवाल,फकीर चंद्र अग्रवाल,निर्मल कुमार अग्रवाल,अजय अग्रवाल,राजू अग्रवाल, शिवलाल अग्रवाल,संजय अग्रवाल,संदीप अग्रवाल,रिंकू अग्रवाल,गुल्लू,प्रिंस,निर्मल,हेमंत अंबिकेश,विकास अग्रवाल,कैलाश अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल सहित परिवारजन सक्रिय हैं।


अन्य पोस्ट