सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 23 सितंबर। बेहद कम मानदेय में कई वर्षों से काम कर रहे सरगुजा संभाग छत्तीसगढ़ स्कूल सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को नगर में रैली निकालते हुए अपनी मांगों को सामने रखा। कर्मचारियों ने कहा कि कर्ज के सहारे वह अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं। शासन के वायदे के बाद भी आज तक न तो उनका मानदेय बढ़ाया गया न ही कोई सार्थक कदम उठाया गया।
स्कूल सफाई कर्मचारी संघ ने कहा कि सरकारी स्कूलों में 12 वर्षों से स्कूलों में 43301 कर्मचारी कार्यरत हैं। स्कूलों में सुबह 10 से लेकर 12 बजे तक केवल काम लिया जाता है, दोपहर 12 बजे के बाद खाली रहते हैं, हमें और कोई दूसरा काम नहीं मिलने के कारण दिन भर की मजदूरी दर से वंचित रह जाते हैं। काम के एवज में 2500-2800 रुपये दिया जाता है, जो कि इस मंहगाई भरे दौर में इतने कम रुपये से अपने परिवार का भरण-पोषण नहीं कर पाते है । कर्ज के सहारे अपना जीवन व्यतित करने को मजबूर रहते हैं।
संघ की मांगों को लेकर लगातार धरना प्रर्दशन रैली ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन को अवगत कराते रहे हैं। शासन-प्रशासन के आश्वासन से ही जिंदगी गुजारने को मजबूर है। 2018 के विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस पार्टी के द्वारा सरगुजा संभाग को संघ की मांग पूर्णकालीन कलेक्टर दर करते हुए नियमितीकरण करने का वादा लिखित एवं मौखिक रूप से किया गया था। परन्तु आज छग में कांग्रेस की सरकार को 5 वर्ष बीतने जा रही है। आज पर्यन्त तक मांगे पूरी नहीं होने पर कर्मचारी संघ शासन-प्रशासन के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
संघ ने कहा कि 27-28 सितम्बर से प्रदेश भर की स्कूल सफाई कर्मचारी संकल्प यात्रा करते हुए 2 अक्टूबर को पहुंचकर वादा खिलाफी के खिलाफ में संकल्प लेंगे।