सरगुजा
मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका, जांच शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 सितंबर। दरिमा थाना क्षेत्र के रेवापुर के आश्रित ग्राम लवईडीह में शुक्रवार को एक महिला की लाश उसी के घर में मिली है। मृतका के शरीर में चोट के निशान पाए गए हैं। मायके पक्ष ने मामले में हत्या की आशंका जताई है, जबकि मृतका के पति का कहना है कि उसकी पत्नी को गिरने से चोट आई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले में जांच प्रारंभ कर दी है।
पुलिस के अनुसार लवईडीह निवासी राम बाई का शव शुक्रवार को उसी के घर में बरामद किया गया। चेहरे में चोट के निशान पाए गए हैं। महिला की मौत की सूचना पर उसके मायके पक्ष के लोग भी पहुंचे हुए थे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
मायके पक्ष के लोगों का कहना है कि मृतका के शरीर में चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे उन्हें पति के द्वारा मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका है। वहीं मृतका के पति विफल राम का कहना है कि उसकी पत्नी एक दिन पहले कुएं के पास फिसल कर गिर गई थी जिससे उसके चेहरे पर चोट आई थी।
उसने बताया कि उसकी पत्नी को पेट में जलन की शिकायत थी। रात को भी वह इस दर्द से पीडि़त थी। संभवत: इस कारण से उसकी मौत हुई होगी। मामले में पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दिया है।