सरगुजा
बैठक में पहुंचे अफसर व पुलिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,21 सितंबर। गुरुवार को बघिमा के ग्राम पंचायत भवन में राजस्व व वन अफसर, पुलिस, ग्राम बघिमा, भेस्की के ग्रामीणों की मौजूदगी में बैठक हुई। जिसमें गौठान के लिए आवर्ती चराई भूमि पर अतिक्रमण का मुद्दा उठा। ग्रामीणों मे तनाव देखने को मिला।
ग्रामीणों का कहना था कि गोठान के लिए आवर्ती चराई भूमि वन विभाग द्वारा ग्राम पंचायत बघिमा को 10 हेक्टेयर जमीन दी गई है। जिसमें ग्राम भेस्की के ग्रामीण सुखन उरांव, शंकर यादव ,धनीराम ,गौरी ,वीरेंद्र ,लक्ष्मी नारायण, नईहर साय सहित अन्य लोगों के द्वारा जबरदस्ती जुताई की जा रही है। ऐसे में मवेशी चराने में अन्य ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले से ही उन्हें काबिज भूमि का पट्टा मिल चुका है, फिर भी अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है, इससे हमेशा तनाव की स्थिति बनी रहती है।
बैठक में रेंजर महादेव लाल साहू, एसडीएम तथा वन विभाग से अजय एक्का, वनरक्षक एवं पुलिस भी मौजूद रही। अधिकारियों ने ग्रामवासियों के सामने पंचनामा बनाकर कहा कि उक्त भूमि को किसी को भी जोतने नहीं दिया जाएगा। अगर कोई ऐसा करता है तो उसके ऊपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ग्राम पटेल नारायण राम, भजन राम,सचिव देव धरन, नरेंद्र जयसवाल, जनपद सदस्य रेखा शांडिल्य, भोला सिंह, लालजीत सिंह के साथ लगभग 200 ग्रामीण मौजूद रहे।