सरगुजा
पत्नी की मौत के बाद पति ने खाया जहर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,17 सितंबर। नव विवाहिता को दहेज के लिए मारपीट कर जबरन जहर खिलाकर कर हत्या करने का आरोप मायके पक्ष ने पति पर लगाया है। नव विवाहिता की मौत के बाद दंडाधिकारी के समक्ष बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया है और आगे की जांच की जा रही है, वहीं पत्नी की मौत के बाद पति ने भी जहर सेवन कर लिया है जिसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मामला बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमदरी का है, जहां रहने वाले बालसूरत का विवाह चार माह पूर्व सरगुजा जिले के धौरपुर निवासी प्रीति यादव के साथ सामाजिक रीति रिवाज से हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के लगभग दो माह बाद ही पति बालसूरत द्वारा दहेज की मांग कर प्रीति के साथ मारपीट किया जाता था।
प्रीति मायके पहुंचकर अपने मामा प्रकाश को सारी बातें बताई थी, जिसके बाद परिजनों ने प्रीति के पति से मिलकर समझाइश दी, जिस पर बालसूरत ने मारपीट नहीं करने का आश्वासन दिया था,पर कुछ दिनों बाद फिर मारपीट करने लगा।
बीते 14 सितंबर को प्रीति के मामा उसके घर पहुंचे, जहां प्रीति के हाथ-पैर और चेहरे में चोट के निशान के साथ गले में नाखून लगने का निशान था, जहां प्रीति ने अपने मामा को बताया कि उसके साथ दहेज को लेकर उसका पति बालसूरत के द्वारा मारपीट कर उसे जबरन उसे जहर खिलाया गया है। जिसके बाद परिजन प्रीति को लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे शहर के निजी अस्पताल अंबिकापुर लाकर भर्ती कराया गया था।
प्रीति की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे रेफर कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, जहां प्रीति की मौत हो गई है।
प्रीति के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रीति के पति के द्वारा दहेज की मांग को लेकर मारपीट किया जाता था। इसके साथ ही परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रीति के पति के द्वारा मारपीट कर ही उसे जहर खिलाया गया है और उसका इलाज नहीं कराया जा रहा था, जिससे प्रीति की मौत हो गई है।
वहीं प्रीति के ससुर कामेश्वर यादव ने बताया कि घर में होने वाली लड़ाई झगड़े के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है, फिलहाल उसका बेटा आज देर सुबह जहर सेवन कर लिया है जिसका उपचार शहर के नीचे अस्पताल में चल रहा है। नव विवाहिता की मौत के बाद पुलिस ने दंडाधिकारी के समक्ष बयान और पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, और मामले की जांच में जुट गई है।