सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 8 सितंबर। साइबर ठगी के मामले में सरगुजा पुलिस को सफलता मिली है। थाना गांधीनगर एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम ने दो अंतरराज्यीय आरोपियों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से 2 मोबाइल एवं 2 सिम जब्त किया गया।
पुलिस ने बताया कि रावत रेजिडेंसी निवासी दीपक कुमार शर्मा (56 वर्ष) ने 30 जनवरी को गांधी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जनवरी को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रार्थी को फ़ोन कर कूरियर सर्विस के नाम पर कूरियर भेजनें की बात बोलकर झांसे में लेकर गूगल लिंक के माध्यम से फॉर्म भरवाकर 23 जनवरी से 25 जनवरी के बीच प्रार्थी के खाते से 1 लाख 50 हजार रुपये की राशि की ठगी कर ली गई है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 420 भा.द.वि. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपियों के सम्बन्ध में तकनीकी जानकारी प्राप्त कर गिरफ़्तारी हेतु संयुक्त पुलिस टीम को पश्चिम बंगाल भेजा गया था। पुलिस टीम के सतत प्रयास से मामले मे 2 आरोपियों की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ किया गया। आरोपियों द्वारा अपना नाम मो.सरोवर (27 वर्ष) बागड़ी पारा रोड बदरतला पश्चिम बंगाल , अनुराज राय (20 वर्ष) टांगरा गोबिंदा खटीक रोड पश्चिम बंगाल का होना बताया गया।
आरोपियों से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर ठगी करना स्वीकार किया गया। आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 2 मोबाइल एवं 2 सिम जब्त किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय अलीपुर के समक्ष पेश किया गया हैं एवं न्यायालय के आदेशानुसार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं।