सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 2 सितम्बर। एमसीबी जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सख्ती के साथ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए 10 ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों को सेवा से निलंबित कर दिया है। इस हेतु उन्होंने आदेश भी जारी कर दिया है।
जिले के जिन ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों को सेवा से निलंबित किया गया है उनमें गौरव कुमार त्रिपाठी एसएचसी मलकडोल, द्वारिका प्रसाद सिंह एसएचसी मैनपुर, जितेंद्र पांडेय एसएचसी चांटी, मनीष पांडेय एसएचसी मेरो, दीपक कुमार पटेल एसएचसी वेस्ट चिरमिरी, वर्षा पटेल एसएचसी कुरसिया, पुनीता कुजूर एचडब्ल्यूसी जिल्दा, रिंकी गुप्ता एसएचसी कोरिया, कमलाओझा एसएचसी हल्दीबाड़ी एवं चंद्रकला साहू एचडब्ल्यूसी कटकोना शामिल हैं।
जिला मुख्यचिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम-1965 के तहत स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों के संबंध में अनाधिकृतरूप से 21 अगस्त से निरंतर हड़ताल पर हैं। स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल से लोक हित, नागरिक सेवाएं तथा शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम जनता को असुविधा हो रही है, जिसे देखते हुए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के विषय में एस्मा लागू किया गया है। इसके उपरांत भी संबंधित स्वास्थ्य कर्मचारियों के कार्य पर उपस्थित नहीं होने पर उनके निलंबनका आदेश जारी किया गया है।