सरगुजा

टैंकर-बाइक में भिड़ंत, 9 माह के बेटे और पिता की मौत
01-Sep-2023 8:27 PM
टैंकर-बाइक में भिड़ंत, 9 माह  के बेटे और पिता की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर,1 सितंबर।
कल शाम टैंकर एवं बाइक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में 9 माह के बच्चे सहित पिता की मौत हो गई। पिता-पुत्र की मौत से ग्राम हरिहरपुर साल्ही में शोक का माहौल है।

अदानी विद्या मंदिर चौक ग्राम साल्ही में  परसा में अदानी द्वारा संचालित माइंस के तरफ से आ रही टैंकर क्रमांक सीजी 04 एलडब्ल्यू 2490 एवं बाईक की जबरदस्त भिड़ंत हुई, जिसमें बाईक चालक ठाकुर प्रताप सिंह (40 वर्ष) व पत्नी भुनेश्वरी (38 वर्ष) को गंभीर चोंट आई, उन्हें उदयपुर स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले जाया गया। 

प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर में रिफर कर दिया गया है तथा पुत्र सत्यम (9 माह) की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम करके परिजनों को शुक्रवार को सुपुर्द कर दिया गया है। ठाकुर प्रताप ग्राम हरिहरपुर से अपने ससुराल खरसुरा रक्षाबंधन के अवसर गये थे, गुरुवार को घर वापसी के दौरान यह घटना हुई । जिससे रक्षा बंधन की खुशियां मातम में बदल गई।

गुरुवार को सायं करीब सात बजे  सडक़ दुर्घटना हुई थी। उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल ठाकुर प्रताप की मौत शुक्रवार दोपहर 1 बजे करीब जिला चिकित्सालय में हो गई। 
दुर्घटनाकारित वाहन को घटना स्थल से ले जाकर  चौकी तारा में पुलिस द्वारा खड़ा करवा कर चालक को हिरासत में ले लिया गया।

इस बारे में उदयपुर पुलिस ने बताया कि घटना तारा चौकी क्षेत्र का होने की वजह से मर्ग पंचनामा कार्यवाही कर आगे की कार्यवाही के लिए डायरी तारा चौकी भेजने की बात कही है।


अन्य पोस्ट