सरगुजा

एक दिन में 4 सडक़ हादसे, एक की मौत, 8 घायल
01-Sep-2023 8:18 PM
एक दिन में 4 सडक़ हादसे, एक की मौत, 8 घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली, 1 सितंबर।
गुरुवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य 3 हादसों में 8 घायल हो गए।

गुरुवार को रात 10 बजे के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग-43 में बतौली से एक किलोमीटर रायगढ़ की ओर डॉ. विश्वास क्लिनिक के पास अज्ञात वाहन ने 60 वर्षीय गंझा राम पिता जयकरन ग्राम परसा थाना उदयपुर  को ठोकर मार दी।  टक्कर से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। बतौली पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली भेजकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतक के बारे में कोई जानकारी नहीं होने पर पुलिस ने सोशल मीडिया में फ़ोटो वायरल किया। सोशल मीडिया में फ़ोटो वायरल होने के बाद धनेश्वर राम, झेराडीह, असकला थाना लुंड्रा को सोन तराई के रामकुमार ने फोन में दुर्घटना की सूचना दी।

धनेश्वर ने बताया कि गंझा राम पिछले 17 वर्षों से उसके पास रहकर जीवन यापन करता था। 29 अगस्त को सोनतराई गया था, जहां से गुरुवार को वापस आया। देर रात अज्ञात ट्रक ने ठोकर मार दी, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।

पहचान के लिए सोशल मीडिया में किया वायरल
पुलिस ने पहचान नहीं होने के कारण सोशल मीडिया में फ़ोटो शेयर कर पहचान करने और फ़ोटो को अन्य सभी ग्रुपों में वायरल करने का अनुरोध किया, जिससे मृतक की पहचान हो सके। इसका परिणाम भी कुछ ही घंटों में देखने को मिला, सोनतराई निवासी ने फ़ोटो से पहचान कर करीबी को सूचित किया।

अन्य घटनाओं में बगीचा रोड में बिलासपुर केनपारा में दो मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई। इसमें 5 लोग घायल हो गए। जिन्हें 108 की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। तीसरी घटना भी बगीचा रोड में ही हुई। इसमें एक मोपेड सवार अनियंत्रित होकर सडक़ में गिर गया, गिरने से चेहरे में चोट आई। इसे भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

चौथी घटना में बिलासपुर के एक स्कुटी सवार अनियंत्रित होकर खेत मे सडक़ से घसीटते हुए चला गया। चेहरे और सिर में गंभीर चोट आई।उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जिससे दोपहर बाद मृतक की पहचान हो सकी।


अन्य पोस्ट