सरगुजा
हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरगुजा, 31 अगस्त। रक्षाबंधन का का त्योहार अंबिकापुर, लखनपुर सहित पूरे सरगुजा अंचल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांधी, बहनों की रक्षा करने का वचन भाईयों ने दिया।
सर्वविदित है कि रक्षाबंधन का त्योहार श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है, लेकिन इस बार पंचांग के मुताबिक भद्रा काल होने से संशय की स्थिति बनी हुई थी, परंतु जानकार पंडितों के मतानुसार रक्षाबंधन दो दिन बुधवार तथा गुरुवार को मनाया गया।
दरअसल, यह त्योहार मुख्य रूप से भाई बहन का त्योहार माना जाता है, लेकिन पंडित पुजारी भी अपने यजमानों के कल्याण सुख समृद्धि के लिए राखी बांधते हैं। रक्षाबंधन से जुड़ी कई पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं, जो इस त्यौहार के खासियत को बताते हैं। महाभारत काल में द्रोपदी ने भगवान श्रीकृष्ण की कलाई पर राखी के शक्ल में अपने साड़ी फाडक़र बांधे थे। देवताओं के विजय की कामना को लेकर देवराज इन्द्र की पत्नी शची ने रक्षा सूत्र बांधा था।
इसी तरह राजा बलि ने भगवान विष्णु को बंधक बना लिया था और माता लक्ष्मी ने भेष बदल कर राजा बलि की कलाई पर राखी बांधी और भगवान विष्णु को बंधन मुक्त करने की पेशकश की। भाई बहन के पवित्र रिश्ते का सम्मान करते हुए राजा बलि ने भगवान विष्णु को आजाद कर दिया था, तब से रक्षाबंधन पर्व मनाये जाने का चलन आरंभ हुआ। तब से लेकर अब तक रक्षाबंधन त्योहार मनाये जाने की परम्परा बरकरार है। इसी तरह से रक्षाबंधन के अनेकों ऐतिहासिक वृतांत प्रचलित है।
इतना ही नहीं इस त्यौहार में पेड़ों को भी राखी बांधने की रिवाज रही है, ताकि पर्यावरण सलामत रहे। देश हित में काम करने वाले उन जवानों को भी राखी बांधी जाती हैं जिनके बलबूते हम स्वच्छंद एवं स्वतंत्र रूप से जीवन बसर कर रहे हैं।
