सरगुजा

औसत वर्षा से 30 फीसदी कम हुई वर्षा खेतों में दरारें, किसानों की चिंता बढ़ी
31-Aug-2023 8:34 PM
औसत वर्षा से 30 फीसदी कम हुई वर्षा खेतों में दरारें, किसानों की चिंता बढ़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 31 अगस्त।
इस मानसून सीजन में प्रदेश का उत्तर क्षेत्र यानी सरगुजा के अंबिकापुर में औसत वर्षा से 30 प्रतिशत कम वर्षा हुई, जिसके चलते ग्रामीण क्षेत्र के कई जल स्रोत अभी भी सूखे पड़े हुए हैं। 

दस दिनों से बारिश नहीं होने के कारण किसान सिंचाई के लिए तरस रहे हैं। खेतों में लगी धान की फसल पानी की कमी के कारण मुरझाने लगी है, खेतों में दरारें पडऩा भी शुरू हो गया है। धान की फसल पीली पड़ गई है, फसल की स्थिति को देख किसानों की चिंता बढ़ गई है।

ऋतु विभाजन के अनुसार 1 जून से 30 सितम्बर की अवधि को मॉनसून ऋ तु माना गया है। आज अगस्त की समाप्ति के साथ ही मानसून सीजन का तीन चौथाई अवधि भी पूरा हो गया। इस त्रैमासिक अवधि में यदि अम्बिकापुर नगर के पिछले 1984 से 2023 की अवधि के 40 वर्षों के वर्षा आंकड़ों से ज्ञात होता है कि जून से अगस्त तक अम्बिकापुर की औसत वर्षा 975.5 मिमी है। इस वर्ष 2023 के इसी अवधि में दर्ज वर्षा 681.2 मिमी है जो औसत से 294.3 मिमी (30.2 प्रतिशत) कम है।

इन 40 वर्षों की अवधि में जून से अगस्त तक हुई वर्षा में यह तीसरी बड़ी गिरावट है। इसके पूर्व लगातार दो क्रमिक वर्ष सन  2009 और 2010 में क्रमश: 528.2 और 468.0 मिमी वर्षा हुई थी। अर्थात 40 वर्षों में एक जून से 31 अगस्त की अवधि में सबसे कम वर्षा 2010 में दर्ज की गई थी।

1984 से 2023 की 40 वर्षों की अवधि में अम्बिकापुर में न्यूनतम वर्षा वाले कुछ वर्ष-
2010 - 468.0 मिमी
2009 - 528.2
2023 - 681.2
2007 - 698.7
2022 - 725.4
2000 - 730.7
2005 - 739.4
1987 - 748.5
2003 - 782.2 एवं
2004 - 785.1 मिमी।


अन्य पोस्ट