सरगुजा
हफ्ते भर के अंदर प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट आएगी, जिताऊ कैंडिडेट को ही मिलेगा टिकट
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने भूपेश सरकार पर जमकर साधा निशाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 अगस्त। सरगुजा प्रवास पर पहुंचे भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने अंबिकापुर नगर के होटल परपल ओरचीड में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपामें टिकट जिताऊ कैंडिडेट को दिया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता भी जिताऊ नहीं हैं, तो उन्हें टिकट नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुटी हुई है। प्रदेश में परिवर्तन की हवा बह रही है,छत्तीसगढ़ में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
श्री माथुर ने भूपेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपनी हार को देखकर छत्तीसगढिय़ावाद की बात कर रहे हैं। आर्थिक अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार को लेकर छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार घिरी हुई है। ईडी व आईटी सहित केंद्रीय जांच एजेंसियां रोज नए खुलासे कर रही हैं, जिसके कारण भूपेश बघेल इन संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगा रहे हैं।
कुछ प्रत्याशियों के क्षेत्र में विरोध को लेकर माथुर ने कहा कि कहीं कोई विरोध की स्थिति नहीं है। एक जगह कई दावेदार होते हैं, जिनमें से किसी एक को टिकट मिलने पर कुछ नाराजगी की स्थिति मिलती है। पहले टिकट बांटे जाने का यह फायदा है कि वहां भाजपा डैमेंज कंट्रोल कर लेगी।
भाजपा का चेहरा कमल निशान होगा
ओम माथुर ने कहा कि भाजपा सिस्टम की पार्टी है, किसी परिवार की पार्टी नहीं है, किसी एक नेता की पार्टी नहीं है। उपर से नीचे तक सबकी राय लेकर भाजपा प्रत्याशी तय कर रही है। प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं होगा। भाजपा का चेहरा कमल निशान होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के भांजे को खैरागढ़ से टिकट देने को लेकर ओम माथुर ने कहा कि वे पहले से भाजपा के सदस्य एवं पदाधिकारी हैं। वे भाजपा परिवार के सदस्य हैं। बीजेपी की छत्तीसगढ़ में कितनी सीटें आएँगी के प्रेस के सवाल पर पूर्ण बहुमत के साथ छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने की बात कही।
ईडी, आईटी पर आरोप लगाना गलत
भाजपा चुनाव प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार व आर्थिक अनियमितता चरम पर है। ईडी, आईटी व केंद्रीय जांच एजेंसियां रोज नए खुलासे कर रही हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पास बोलने को कुछ नहीं है। यूपीए 1 व यूपीए 2 कांग्रेस का शासन था। कोई महीना ऐसा नहीं गया जब इन्ही संस्थाओं ईडी, आईटी व सीबीआई ने कार्रवाई न की हो। तत्कालीन केंद्रीय मंत्रियों एवं उनके नेताओं पर कार्रवाई हुई और वे जेल गए तो क्या तब भी ये संस्थाएं नरेंद्र मोदी के नियंत्रण में थीं? ये संवैधानिक संस्थाएं हैं, उनके केस का एक प्रोसेस है। उस समय भाजपा शासित राज्यों में भी इन संस्थाओं ने कार्रवाई की तब भाजपा ने शोर नहीं मचाया। आज ये संस्थाएं यदि राहुल गांधी को पूछताछ के लिए बुला लेती हैं तो पूरे देश में आंदोलन चलने लगता है। कांग्रेस का मुख्यमंत्री इन संस्थाओं की रोज शिकायत कर रहा है। इन संस्थाओं पर सवाल उठाना गलत है। ओम माथुर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपनी हार देखकर छत्तीसगढिय़ावाद की बात कर रहे हैं। इसका कोई असर नहीं होने वाला है।
बूथ स्तर तक माइक्रो मैनेजमेंट
सरगुजा प्रवास के संबंध में जानकारी देते हुए श्री माथुर ने बताया कि जशपुर की तीन तथा अंबिकापुर, सीतापुर व सामरी विधानसभा के कोर कमेटी के साथ उनकी बैठकें हुई हैं। भाजपा ने बूथ स्तर तक माइक्रो मैनेजमेंट करने के लिए विधानसभा कोर कमेटी के साथ बैठ कर रचना की है।
हर विधानसभा में करीब 200 से 250 बूथ है और हर बूथ पर एक ऐसी अप्रोच रणनीति तैयार की गई है जिसमें केंद्र सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ साथ राज्य की भूपेश सरकार द्वारा किए गए भ्रष्टाचार को भी लोगों को बताने का कार्य किया जाएगा। श्री माथुर ने हफ्ते भर में बीजेपी प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट भी आ जाएगी, ये जानकारी दी।
प्रेस वार्ता को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के 90 दिन पहले ही 21 प्रत्याशियों की घोषणा कर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। कॉंग्रेस सरकार के कुशासन से त्रस्त होकर छत्तीसगढ़ की जनता अब भाजपा की सरकार बनाना चाहती है।
प्रेस वार्ता के दौरान बीजेपी सरगुजा संभागीय प्रभारी संजय श्रीवास्तव, पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, जिला संवाद प्रमुख संतोष दास, सह संवाद प्रमुख रूपेश दुबे भी उपस्थित थे।