सरगुजा

नागरिक आपूर्ति के कर्मचारियों ने राइस मिलर्स के पुत्र पर धमकाने का लगाया आरोप
25-Aug-2023 8:13 PM
नागरिक आपूर्ति के कर्मचारियों ने राइस मिलर्स के पुत्र पर धमकाने का लगाया आरोप

  प्रबंध संचालक एवं कलेक्टर को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 अगस्त।
नागरिक आपूर्ति निगम के कर्मचारियों ने चावल जमा करने को लेकर माँ महामाया फूड प्रोडक्ट बेहराडीह संचालक के पुत्र पर धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए प्रबंध संचालक छग स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पो. लि. और सरगुजा कलेक्टर को पत्र लिखकर मामले की शिकायत की है। कर्मचारियों का आरोप है कि राइस मिलर्स के पुत्र द्वारा बार-बार झूठे आरोप प्रत्यारोप / धमकी दिये जाने से सभी कर्मचारी भयभीत हंै एवं ऐसी स्थिति में कार्य करने में असमर्थता जाहिर की है।

प्रबंध संचालक छग स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पो.लि. एवं सरगुजा कलेक्टर को लिखे पत्र में क्वालिटी इंस्पेक्टर आजाद टोप्पो, दिलेश्वर तिर्की सहित डिपो इंचार्ज वीर बहादुर, विश्वनाथ हीरा सहित अन्य कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि माँ महामाया फूड प्रोडक्ट, बेहराडीह, संचालक के पुत्र अंकुर हाड़ा के द्वारा बार-बार चावल जमा करने के दौरान केन्द्रों में पदस्थ कर्मचारियों से आरोप प्रत्यारोप / धमकी दिया जाता है, साथ ही उनके द्वारा यह भी कहा जाता है कि मैं जैसा भी चावल जमा करू, आप लोगों को जमा करना पड़ेगा। यदि उक्त संबंध में कर्मचारियों के द्वारा किसी प्रकार का जांचोपरात लॉट को रिजेक्ट किया जाता है तो उसके द्वारा अभद्रता एवं अन्य प्रकार की कई धमकिया भी दिया जाता है। जैसे कि मैं तुम लोगों को देख लूंगा, एसीबी में शिकायत कर दूंगा, एवं कई बार इस तरह की शिकायत भी मुख्यमंत्री, खाद्य मंत्री एवं कलेक्टर तथा जिले के कई अधिकारियों को भी झूठी शिकायत भी पत्र के माध्यम से कर चुका है।

उक्त मिल के संचालक के पुत्र द्वारा इस तरह के झूठे शिकायत से समस्त डिपो में पदस्थ कर्मचारी क्षुब्ध हो गये एवं मानसिक रूप से प्रताडित हो रहे है। साथ ही वर्तमान में जिले के जिला प्रबंधक के उपर भी उनके द्वारा कई झूठे आरोप लगाते हुए प्रसारित करा रहे हैं जिससे हम लोगों का व्यक्तिगत छवि धूमिल हो रही है साथ ही निगम की छवि भी शासन / प्रशासन एवं आम जन में भी धूमिल हो रही है।

कर्मचारियों ने मांग की है कि मिलर के पुत्र के द्वारा इस तरह के झूठे शिकायत पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाए, जिससे सभी कर्मचारी डिपो में अच्छे माहौल में कम कर सके। कार्रवाई नहीं होने की सूरत में कर्मचारियों ने कार्य करने में असमर्थता जताया है।


अन्य पोस्ट