सरगुजा

अपेक्स बैंक के संचालक ने शिक्षा के क्षेत्र में ज्वलंत मांगों की ओर कराया सीएम का ध्यानाकर्षण
23-Aug-2023 9:04 PM
अपेक्स बैंक के संचालक ने शिक्षा के क्षेत्र में ज्वलंत मांगों की ओर कराया सीएम का ध्यानाकर्षण

संत गहिरा गुरू विवि में कुलसचिव की कुर्सी किसी आईएएस के हवाले करने का आग्रह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,23 अगस्त। शासन की मंशानुरूप सरगुजा संभाग में उत्कृष्ट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए संचालक अपेक्स बैंक के बंसल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बिंदुवार ध्यानाकर्षण कराया है। उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ जिस तेजी से तरक्की एवं ऊंचाइयों को छू रहा है। उनके द्वारा किए गए व्यक्तिगत सर्वे में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से संपर्क करने पर सरगुजा में शिक्षा से संबंधित क्षेत्रवासियों की ज्वलंत मांगों की ओर ध्यान दिया जाना जरूरी है।

उन्होंने इस संबंध में दिए गए पत्र में उल्लेखित किया है कि प्राथमिक शालाओं में पढ़ाने वाले शिक्षकों की आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था को और भी दुरुस्त करने की आवश्यकता है। अंबिकापुर में भव्य ई-लाइब्रेरी की सुविधा होने से छात्र-छात्राओं को कम कीमत में अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्राप्त हो सकती है। दूरस्थ क्षेत्रों में सैकड़ों की संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं हर रोज स्कूल के लिए बस से यात्रा करने जाते हैं, जिसमें शिक्षिकाओं एवं महिला यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश विभिन्न थाना एवं बस संचालकों को जारी करने की जरूरत है। शासन की ओर से निजी बस संचालकों के साथ पार्टनरशिप में स्कूल, कॉलेज के छात्रों एवं शिक्षकों के लिए सिटी बस संचालन की सुविधा प्रारंभ करने का आग्रह किया गया है।

 आगे उन्होंने उल्लेख किया है कि कई निजी महाविद्यालय, असिस्टेंट प्रोफेसर से 5 से 8 हजार रुपये वेतन देकर शैक्षणिक कार्य कराते हैं एवं शिक्षा को धनोपार्जन का व्यवसाय बना लिए हैं, ऐसे शिक्षण संस्थानों के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। शहर में संचालित सभी छात्रावासों, विशेष तौर पर कन्या छात्रावासों में महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती अनिवार्य करते हुए खाने की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन हो, इसके दिशानिर्देश दिए जाएं। जहां नि:शुल्क ई-बुक की व्यवस्था हो, वहां शासन की ओर से नि:शुल्क ऑनलाइन पोर्टल की व्यवस्था कराई जाए। सरगुजा संभाग आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है अत: सूबे में संचालित निजी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को मिलने वाली छुट्टियों, वेतन, भत्तों तथा अन्य मानवाधिकारों से संबंधित गाइडलाइन जारी किए जाएं, इससे योग्य शिक्षक क्षेत्र से पलायन नहीं करेंगें, जिससे अंचल में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अच्छी गुणवत्ता युक्त शिक्षा का लाभ मिलेगा। साथ ही आदिवासी क्षेत्र होने के कारण निजी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शुल्क सीमा निर्धारित होना जन-हितैषी निर्णय होगा, क्षेत्र में समय-समय पर बच्चों से विभिन्न प्रकार के शुल्क लेने से अभिभावकों को परेशानी होती है।

संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय आए दिन अपनी अनियमितताओं एवं पैसों की धांधली के लिए बदनाम होता रहता है, अत: किसी प्रशिक्षु आईएएस को कुलसचिव बनाकर भेजा जाए। लखनपुर महाविद्यालय आईटीआई की बिल्डिंग में संचालित है इसके भवन निर्माण संबंधित घोषणा करने, शासन की महत्वाकांक्षी योजना आत्मानन्द महाविद्यालय में प्रोफेशनल कोर्सेस शुरू करने व विदेशों की तर्ज पर पढ़ाई के दौरान कमाई की योजना का लाभ ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को मिले इसके लिए पहल करने का आग्रह किया गया है।


अन्य पोस्ट