सरगुजा

हमारी उपलब्धियों को अपना बता भाजपा ले रही है श्रेय, पीएम का भी झूठ बोलना हास्यास्पद- भूपेश
22-Aug-2023 10:20 PM
हमारी उपलब्धियों को अपना बता भाजपा ले रही है श्रेय, पीएम का भी झूठ बोलना हास्यास्पद- भूपेश

संकल्प शिविर में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष सहित उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

कहा इस बार दोगुनी अंतर से दिलाना है जीत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 22 अगस्त। सरगुजा जिला के अंबिकापुर में आयोजित 75वें संकल्प शिविर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव नजदीक है बहुत ज्यादा समय नहीं बचा है हम सबको तैयारी में जुटना है,जो भी कांग्रेस के सिद्धांत और राज्य सरकार की उपलब्धियां हैं, उसे लेकर जनता के बीच में जाएं और अपने-अपने प्रत्याशियों को दोगुना वोट से जीत दिलाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोगों के सामने पूरे प्रदेश के जिम्मेदारी है, महाराज साहब सिर्फ नामांकन करेंगे और सरगुजा का दौरा करेंगे। आप सभी कार्यकर्ता महाराज साहब की मदद करिएगा। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अंबिकापुर विधानसभा सहित सरगुजा की सभी 14 सीट जीतने का संकल्प लें। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि हम छत्तीसगढ़ में दोबारा भारी बहुमत के साथ सरकार बनाकर जनता की सेवा करेंगे।

संकल्प शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी उपलब्धि को भाजपा अपनी उपलब्धि बता श्रेय ले रही है,अंबिकापुर में ही दरिमा एयरपोर्ट को केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह बोलती हैं हमने बनाया जबकि राज्य सरकार ने इसका निर्माण कराया है और केंद्र से सिर्फ लाइसेंस मिलना है। यही नहीं धान खरीदी को लेकर भी भाजपा झूठ बोल रही है,भाजपा कहती है कि 80 प्रतिशत धान की राशि को हम देते हैं जो सरासर गलत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंबिकापुर से बनारस ज्यादा दूर नहीं है,यहां के बहुत सारे लोगों के रिश्तेदार बनारस में रहते हैं वह फोन लगाकर उत्तर प्रदेश में कितने रुपए में धान की खरीदी होती है उसका पता लगा सकते हैं, सच सबके सामने आ जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि धान खरीदी को लेकर पिछले दिनों रायपुर प्रवास पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी झूठ बोलकर गए, प्रधानमंत्री जैसे पद पर बैठे कोई व्यक्ति झूठ बोलते है तो वह हास्यास्पद है।

जो वातावरण आप बनाएंगे वह तय करेगा सरगुजा की सीटों का- सिंहदेव

संकल्प शिविर को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री टी एस सिंह देव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव अगर कोई जिता सकता है तो वह कार्यकर्ता है। सिंहदेव ने कहा कि इन 5 सालों में कांग्रेस सरकार ने कई उपलब्धियां हासिल की। 15 साल में भाजपा ने क्या किया सभी जानते हैं। अब चुनाव का समय आ गया है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम जीत नहीं सकते, चुनाव अगर कोई जिता सकता है तो वह आप लोग हैं। पार्टी ने जो भी उम्मीदवार दिया उसे जीतने की जवाबदारी आप लोग ही लेते हो। यही जवाबदारी एक बार फिर निभाने का मौका आया है,मुझे विश्वास है कि आपने कभी निराश नहीं किया और ना ही करेंगे। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनेगी यही संदेश आपको देना है सरगुजा संभाग की 14 सीटों का संदेश पूरे छत्तीसगढ़ में जाएगा। परिणाम दिलाने आप सभी की अहम भूमिका रहेगी। अन्य दलों के द्वारा ऐसा वातावरण बनाने का काम चल रहा है कि सरगुजा में गड़बड़ी है। उसे संभालने का काम आप सभी को करना है। कांग्रेस आगे है और आगे रहेगी। संकल्प लीजिए कि कांग्रेस को उसे बुलंदियों में रखेंगे जिसमें अपने सदैव रखा है,आपकी इसी जिम्मेदारी से न सिर्फ सरगुजा बल्कि छत्तीसगढ़ व विधानसभा सुरक्षित रहेंगे।

काका बाबा की जोड़ी 120 की रफ्तार से छत्तीसगढ़ में दौड़ेगी-दीपक

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि हर जगह उनसे पूछा जाता है कि काका बाबा की जोड़ी कैसे चलेगी। उन्होंने कहा कि मेरा जवाब यही रहता है कि काका बाबा की जोड़ी 120 की रफ्तार से छत्तीसगढ़ में दौड़ेगी और कांग्रेस की सरकार फिर बनेगी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। हमें झूठ फरेब की राजनीति को रोकना पड़ेगा। 15 साल तक जनता को झूठ बोलकर भाजपा ने सरकार बनाई। मैं दावे के साथ कहता हूं कि एक-एक कार्यकर्ता कांग्रेस सरकार की योजनाओं को लेकर लोगों के बीच जब जाएगा तो किसी भी कार्यकर्ता का सर नहीं झुकेगा।

संकल्प शिविर में प्रमुख रूप से मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी,खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत,विधायक डॉ प्रीतम राम,जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदि बाबा, श्रम कल्याण मंडल बोर्ड के अध्यक्ष सफी अहमद,महापौर डॉ अजय तिर्की, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बाल कृष्ण पाठक,जेपी श्रीवास्तव, सरगुजा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता,ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा,प्रवक्ता आशीष वर्मा,सैयद अख्तर हुसैन, अनूप मेहता सहित भारी संख्या में अंबिकापुर विधानसभा के बूथ लेवल के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट