सरगुजा

सचिव को हटाने उपसरपंच, पंच और ग्रामीण लामबंद
19-Aug-2023 10:04 PM
सचिव को हटाने उपसरपंच, पंच और ग्रामीण लामबंद

आत्मानंद विद्यालय सहित कई निर्माण कार्यों में अनियमितता का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बतौली, 19 अगस्त। ग्राम पंचायत बिलासपुर की सचिव राजलता धुर्वे को हटाने के लिए उपसरपंच, पंच और ग्रामीण लामबंद हो गए हैं।

कलेक्टर को भेजे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सचिव ठेकेदारी पद्धति से निर्माण कर रही हंै। दोयम दर्जे के सामग्रियों का उपयोग किया जा रहा है।

ज्ञापन में आरोप लगाते कहा गया है कि सचिव द्वारा बाहर के मजदूर लाकर काम कराया जा रहा है, जिससे ग्रामवासियों को काम नहीं मिल रहा है। आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जो सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, उसमें भी भारी भष्ट्राचार किया गया है।

पिछले तीन वर्षों से बिलासपुर नदी किनारे गौठान का निर्माण किया गया है, जिसमें लाखों रुपये खर्च हुए हैं, वह वीरान पड़ा है।

ग्रामीण विवेकानंद सोनवानी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कलेक्टर सरगुजा को जन सुनवाई के माध्यम से शिकायत की है। विवेकानंद सोनवानी ने बताया कि ग्राम सचिव के द्वारा बड़े पैमाने पर अनियमितता की गई है। आत्मानंद स्कूल के मरम्मत कार्य मे 35 लाख रुपये खर्च किया गया है। जबकि छतों से पानी का रिसाव हो रहा है, दीवारों में दरार आ गए है। इसी प्रकार कई निर्माण कार्यो को गुणवत्ताहीन बनाया गया है।

जिला स्तरीय जांच दल गठित, जांच रिपोर्ट शासन को भेजा जाएगा-सीईओ

लक्ष्मीनारायण सिदार, सीईओ जनपद पंचायत बतौली ने कहा कि बिलासपुर के सचिव पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में जिला स्तरीय टीम बनाई गई है जो अगले सप्ताह तक जांच रिपोर्ट सीईओ जिला पंचायत को सौपेंगी। इस टीम में अम्बिकापुर, लुंड्रा, उदयपुर के साथ चार ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के एसडीओ के साथ सब इंजीनियरों की टीम है। जांच रिपोर्ट शासन को भेजा जाएगा।


अन्य पोस्ट