सरगुजा

डीएम नान पर राइस मिल के संचालक ने चावल जमा करने में बाधा डालने का लगाया आरोप
17-Aug-2023 8:28 PM
डीएम नान पर राइस मिल के संचालक ने चावल जमा करने में बाधा डालने का लगाया आरोप

संचालक ने सीएम सहित मंत्री व अफसरों से की लिखित शिकायत
5 हजार रुपए प्रति लॉट रुपए मांगने का भी लगाया आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,17 अगस्त। मां महामाया फुड प्रोडक्ट ग्राम बहेराडीह लुण्ड्रा के राईस मिल संचालक रामदास हांडा ने डीएम नान पर चावल जमा करने में बाधा डालने का लगाया आरोप लगाते हुए इसकी लिखित शिकायत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित मंत्री व प्रशासनिक अधिकारियों से पत्र के माध्यम से की है।

संचालक रामदास का आरोप है कि डीएम नान चावल खाली करवाने के नाम पर 5 हजार रुपए प्रति लॉट रुपए मांगा जाता है। लगभग 30-32 लॉट का पैसा मेरे द्वारा व्यक्तिगत में दिया गया है, तथा जो पैसा मेरे द्वारा पहले दिया गया है उसकी दिनांक समेत मेरे पास ब्योरा है, अत: अब मैं पैसा देने में असमर्थ हूं। आज भी मेरे द्वारा मेण्ड्राकला गोदाम में चावल भेजा गया और मेरी आधी गाड़ी खाली लगभग 215 बोरा करवाकर मुझे अपने गोदाम के कर्मचारी से फोन करवाया कि तुम्हारा चावल खाली नहीं करवाया जाएगा, तुम 5000 /- रू. प्रति लॉट का पैसा नहीं दिए हो, अपना चावल वापस लोड करके ले जाओ।

ज्ञापन में आगे आरोप लगाते हुए बताया गया कि मां महामाया फुड प्रोडक्ट ग्राम बहेराडीह तह लुण्ड्रा जिला सरगुजा  में राइस मिल चलाता हूं। मेरे द्वारा खरीफ वर्ष 2022-23 में लगभग 58,000 क्विंटल धान का डीओ कटवाया गया जिसमें मुझे चावल जमा करने में डी.एम नान द्वारा बार-बार परेशान किया जाता है, जब जब मैं चावल जमा करने के लिये भेजता हूं, तो कभी मेरा चावल खाली नही करवाया जाता है कभी मेरा चावल को क्वालिटी हल्का बोलकर रिजेक्टर कर दिया जाता है। और उसी प्रकार का उसी क्वालिटी का चावल बाकी मिलरों का जमा किया जाता है और हर बार मुझे डीएम नान द्वारा मुझझे  प्रति लॉट चावल का पैसा व्यक्तिगत तरीके से मांगी जाती है।

संचालक ने मांग कि है कि उक्त मामले का जांच कराया जाना न्यायहित में आवश्यक है। यदि मेरे द्वारा दी गई उक्त जानकारी यदि गलत होती है तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी मेरी स्वयं की होगी, उसकी जो भी कार्रवाई होगी, मुझे मान्य / स्वीकार होगा। उक्त मामले का जांच कराकर मुझे न्याय दिलाया जाये एवं मेरे मील का चावल जमा कराये जाने की कृपा हो।

राइस मिल के संचालक रामदास द्वारा लगाए गए आरोप के संबंध में डीएम नान समीर तिर्की से उनका पक्ष जानने मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उनका नंबर स्विच ऑफ मिला, जिससे उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।


अन्य पोस्ट