सरगुजा
जांच कर होगी कार्रवाई-बीईओ पुलिस ने भी लिया संज्ञान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 16 अगस्त। सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर के आत्मानंद स्कूल में 9वीं के छात्र से मारपीट करने का मामला सामने आया है, जहां लाठी-डंडे से लैस होकर बदमाशों ने छात्र को पीटा। जिसे देख शिक्षक के द्वारा बीच बचाव किया गया।
दरअसल कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलेश्वरपुर बस स्टैंड के पास स्थित आत्मानंद स्कूल में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल मच गया,जब कुछ बदमाश 9वीं के पढऩे वाले छात्र को बेरहमी से लाठी डंडे से मारपीट करते हुए दिखाई दिए।
बताया जा रहा है कि वीडियो में मारता हुआ शख्स आत्मानंद स्कूल में पढऩे वाली छात्रा का भाई है, जहां बीते दिनों मार खाने वाले छात्र के द्वारा छात्रा के भाई को जीजा कहने की बात से नाराज होकर आज कमलेश्वरपुर स्कूल के सामने मारपीट करते हुए दिखाई दिए।
इधर इस पूरे मामले को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी योगेश कुमार मिश्रा ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही गई है, तो वहीं स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा है कि स्कूल की भी जवाबदारी तय करनी जरूरी होगी, क्योंकि स्कूल परिसर में यह मारपीट करने का मामला सामने आया है। वहीं मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद सरगुजा पुलिस ने भी मामले को संज्ञान में लिया है और आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।