सरगुजा

पुरानी रंजिश, मां-बेटे ने मिलकर की पड़ोसी युवक की हत्या, दोनों गिरफ्तार
16-Aug-2023 8:44 PM
पुरानी रंजिश, मां-बेटे ने मिलकर की पड़ोसी युवक की हत्या, दोनों गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,16 अगस्त। पुराने विवाद को लेकर मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुर में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। बताया गया कि मां के सहयोग से पुत्र ने पड़ोसी युवक की हत्या कर दी। सूचना पर सीएसपी शरीफ मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में पूछताछ करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक व हत्या में सहयोग करने वाली उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार जगदीशपुर में अमरेश यादव 15 अगस्त की सुबह 9 बजे पड़ोस में रहने वाले रूपनारायण उर्फ रूपन राजवाड़े (21 वर्ष) के साथ घूम रहा था। दोनों शराब पिये हुए थे। बाद में अमरेश अपने घर पहुंचा। कुछ देर अपने घर में रूककर शाम 7 बजे अमरेश पड़ोसी रूपनारायण के घर पहुंचा।

अमरेश की मां रामबाई का कहना है कि रूपनारायण तथा अमरेश दोनों में किसी बात पर आपस में झगड़ा विवाद हो रहा था। तब आवाज सुनकर रामबाई रूपनारायण के घर अपने लडक़े अमरेश को बुलाने के लिए गई। उस समय  अमरेश रूपनारायण के आंगन में गुड़ाखू कर कुल्ला कर रहा था। अचानक गाली गलौज करते हुए रूपनारायण ने अमरेश को एक थप्पड़ मारते हुए घर से बाहर चले जाने के लिए कहा। विवाद को देखते हुए अमरेश की मां ने भी काफी समझाया कि तुम यहां क्यों आए हो चलो घर वापस चलो।  इसी बीच रूपनारायण की मां सोनकेलिया ने अपने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। राम बाई अपने पुत्र अमरेश को हाथ पकड़ कर झगड़ा छुड़ा कर साथ लेकर जाने लगी, तभी रूपनारायण ने राम बाई को भी एक थप्पड़ जड़ दिया और रूपनारायण सहित उसकी मां अमरेश को खींच कर अपने घर अंदर लेकर जाने लगे। राम बाई चिल्लाती हुई बाहर निकली और मदद के लिए चीख-पुकार मचाती रही।

आवाज सुनकर सत्येंद्र नाम का युवक मौके पर पहुंचा और बीच बचाव का प्रयास किया, किंतु अकेला पड़ जाने के कारण वह भी डर कर वापस बाहर आ गया। इसी बीच रूपनारायण के घर के अंदर से तीन-चार बार पटकने की आवाज सुनाई दी।

तब तक पड़ोस के लोकनाथ, उसकी पत्नी एवं भैरव भी मौके पर पहुंच गए। अंदर जाकर देखा तो सबकी आंखें फटी की फटी रह गई। लोकनाथ ने राम बाई को बताया कि तुम्हारा पुत्र की मौत हो चुकी है। उसके सिर को बुरी तरह से पत्थर से कुचलकर मारकर हत्या कर दी है।

जगदीशपुर में इस हत्या की खबर पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले में पुराने झगड़े विवाद होने की बात भी सामने आई। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी रूपनारायण व उसकी मां सोनकेलिया को गिरफ्तार कर लिया है।


अन्य पोस्ट