सरगुजा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अम्बिकापुर,11 अगस्त। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के मुख्य संरक्षक पी.आर. यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष जी.आर. चन्द्रा एवं प्रांतीय आह्वान पर प्रदेश महामंत्री एवं जिला अध्यक्ष सरगुजा आनंद सिंह यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री,शिक्षा मंत्री,प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन रायपुर को कलेक्टर जिला सरगुजा के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि प्रदेश के सभी शिक्षा संभाग में संयुक्त संचालकों द्वारा शिक्षकों के पदोन्नति आदेशों में नियम विरूद्ध संशोधन कर व्यापक स्तर पर अनियमितता कर भ्रष्टाचार किया गया है, जिसके कारण पात्र शिक्षकों के साथ अन्याय हुआ है। नियम विरूद्ध जारी किये गये संशोधित पदोन्नति आदेशों की जांच शासन द्वारा कराई गई तथा जांच में संयुक्त संचालकों एवं अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी को दोषी पाया जाकर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
संघ का आग्रह है कि समस्त संशोधित पदोन्नति आदेशों को तत्काल निरस्त कर पुन: काउंसलिंग के माध्यम से पारदर्शिता के साथ पदोन्नति आदेश जारी करने की कार्यवाही करने की कृपा करें ताकि पात्र शिक्षकों के साथ न्याय हो सके। साथ ही नियम विरूद्ध संशोधित आदेश जारी करने में शामिल तथा छत्तीसगढ़ शासन की छवि को खराब करने वाले समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी के विरूद्ध कठोर कार्यवाही किया जाए ताकि पात्र शिक्षकों को न्याय मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आनंद सिंह यादव प्रदेश महामंत्री, जिलाध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष सुधीर राणा, राजेश्वर सिंह, अजय शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।