सरगुजा

प्राथमिक शाला सरईटिकरा बदहाल, स्कूल परिसर में घुस जाता है बारिश का पानी
05-Aug-2023 8:41 PM
प्राथमिक शाला सरईटिकरा बदहाल, स्कूल परिसर में घुस जाता है बारिश का पानी

स्कूल पंचायत भवन में संचालित, अधिकारी नहीं ले रहे सुध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 5 अगस्त।
सरगुजा जिले के सरकारी स्कूल के बदहाली की एक ऐसी तस्वीर, जहां बारिश होते हीं स्कुल के अंदर पानी भर जाता है और फिर बच्चे पंचायत भवन में पढऩे को मजबूर हो जाते हैं। ये तस्वीर है, सरगुजा जिले के अंबिकापुर ब्लॉक अंतर्गत प्राथमिक शाला सरईटिकरा की। 

इस स्कूल में बारिश होने पर पानी स्कूल भवन में घुस जाता है। पानी स्कूल के सभी कमरों में भर जाने से पढ़ाई लिखाई में समस्या हो रही है। एक समय ऐसा आता है जब स्कूल की छुट्टी कर दी जाती है या फिर पंचायत भवन में स्कूल लगाने पर शिक्षक मजबूर हो जाते हैं। 

वहां भी एक से पांचवीं तक कक्षा एक कमरे में लगाने से शिक्षकों को पढ़ाने में समस्या आ रही है, वहीं स्कूल में पानी  भरने के बाद पानी निकासी का साधन नही हैं, जिसके कारण स्कूल में कई दिनों तक पानी भरा रहता है। ऐसे में प्राथमिक शाला सरईटिकरा के पढऩे वाले बच्चों की पढ़ाई में समस्या हो रही हैं।

प्रधानपाठक कल्पनाथ साहू ने बताया कि  प्राथमिक शाला सरईटिकरा स्कूल की समस्या आज की नहीं हैं। कई साल से बारिश होने पर स्कूल भवन के कमरों में पानी चला जाता रहा है। 

इस समस्या को गांव के सरपंच ने भी दूर करने की नहीं सोची।  इधर, जिला शिक्षा अधिकारी ने इस बार स्थाई उपाय करने की बात कही हैं।


अन्य पोस्ट