सरगुजा

आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य ने नवमीं के 8 फेल विद्यार्थियों का नाम काटकर टीसी थमाया
01-Aug-2023 8:12 PM
आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य ने नवमीं के 8 फेल विद्यार्थियों का नाम काटकर टीसी थमाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,1 अगस्त।
लखनपुर स्वामी आत्मानंद स्कूल में पिछले सत्र 2022-23 कक्षा नवमीं में 50 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे थे, उसमें से 8 फेल हो गए थे। विद्यार्थियों ने पुन: पढऩे की इच्छा जाहिर की थी लेकिन प्राचार्य ने पढ़ाई में कमजोर कहकर स्कूल से नाम काटकर टीसी थमा दिया गया। अब 8 छात्र-छात्राएं एडमिशन के  लिए भटक रहे हैं। कई छात्र पढ़ाई छोडऩे की स्थिति में हंै। 

नौवीं की छात्रा के पिता ने बताया -उनकी बेटी कक्षा नवमीं में फेल हो चुकी थी। मेरे द्वारा पुन: पढ़ाई करने के लिए एक अवसर देने के  निवेदन किया गया। स्कूल के प्राचार्य के द्वारा स्पष्ट  कहा गया कि हम प्रवेश के दौरान छात्रों को बता दिया जाता है कि जो बच्चे फेल होंगे, उनको प्रवेश दोबारा नहीं होगा। 

नगर पंचायत उपाध्यक्ष रामनाथ दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष व सांसद प्रतिनिधि दिनेश साहू आज स्वामी आत्मानंद स्कूल में पहुंचे। स्कूल के प्राचार्य के न होने पर इस संबंध में स्कूल की क्लास टीचर दीप्ति पाठक ने बताया कि  शासन से स्पष्ट आदेश है, जो बच्चे फेल होते हैं उन्हें दोबारा प्रवेश नहीं मिलता है।

दिनेश साहू द्वारा जब क्लास टीचर दीप्ति पाठक से यह पूछा गया कि क्या आदेश मौखिक है या लिखित में तो उनके द्वारा बताया गया कि यह तो प्राचार्य सर ही बता पाएंगे।

इस संबंध में चर्चा करने पर स्वामी आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य संजय वर्मा ने बताया कि जो बच्चे पढ़ाई में कमजोर हैं, उन्हें निकाला गया है। स्कूल में निर्धारित सीट हैं।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी सूरज सिंह ने बताया कि शासन से कोई लिखित आदेश नहीं है कि 1 वर्षीय फेल छात्रों को निकाला जाए। प्राचार्य के विवेक के ऊपर है जो बच्चे पढऩे में कमजोर हैं, निकाल सकते हैं।

इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री साहू ने बताया कि लखनपुर स्वामी आत्मानंद स्कूल में अव्यवस्था का आलम है। 

एसडीएम बी आर खांडे से इस संबंध में चर्चा करने पर उनके द्वारा बताया गया कि कल शिक्षा को लेकर बैठक है। शिक्षा से संबंधित जो भी समस्याएं आ रही है, उनका निराकरण किया जाएगा।


अन्य पोस्ट