सरगुजा
ग्रामीणों ने की कलेक्टर से शिकायत, कार्यवाहक सरपंच को हटाने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 31 जुलाई। सरगुजा जिले के विकासखंड बतौली के कपाटबहरी के ग्रामीणों ने कार्यवाहक सरपंच पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने पूरे परिवार के नाम फर्जी मस्टर रोल से शासकीय राशि निकालने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों द्वारा सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार से मामले की शिकायत की गई है।
ग्राम पंचायत कपाटबहरी निवासी ग्रामीणों विशेश्वर भगत,जयराम , दिलीप बुलगुराम, कनक साय ने सोमवार को कलेक्टर से शिकायत करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत के कार्यवाहक सरपंच सबीना तिग्गा द्वारा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए रोजगार गारंटी के काम डबरी निर्माण, समतलीकरण , नाली निर्माण, आंगनबाड़ी भवन के पास मुरमीकरण, सीपीटी खुदाई, गेबियन निर्माण कार्य में अपने पति मदर तिग्गा, बेटी ललिता तिग्गा, पुत्र सूरज तिग्गा के नाम फर्जी मास्टर रोल से लगभग एक लाख शासकीय राशि का बंदरबाट किया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि शासकीय योजनाओं का दुरुपयोग कर अपने पूरे परिवार को लाभ प्रदान किया गया है,जो खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई गई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल कार्यवाहक सरपंच पद से सबीना तिग्गा को हटाने की मांग की गई है।
इसके पूर्व भी ग्रामीणों की मांग पर सरगुजा कलेक्टर द्वारा तत्कालीन सरपंच को छत्तीसगढ़ पंचायती राज 1993 की धारा 40 ग के अंतर्गत अपने पद का दुरुपयोग करने पर हटा दिया गया था, उसी प्रकार इस कार्यवाहक सरपंच को भी जांच कर पद से पृथक करने की मांग की गई है। सरपंच द्वारा किए गए फर्जी मस्टर रोल की प्रतिलिपि कलेक्टर सहित जनपंद सीईओ एसडीएम को भी ग्रामीणों द्वारा सौंपी गई है।