सरगुजा
घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे कलेक्टर-एसपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 29 जुलाई। शनिवार तडक़े अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग नेशनल हाइवे 130 में सरगुजा जिला के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दावा में शिव शक्ति ट्रेवल्स की सिद्धार्थ बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 18 यात्री घायल हो गए,जिनमें 6 गंभीर रूप से घायल हो गए,जिन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। छ: गंभीर घायलों में 2 की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताया जा रहा है, जिससे वह बस पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सडक़ किनारे पलट गई।
जानकारी के मुताबिक बनारस से कोरबा जा रही सिद्धार्थ बस तडक़े करीब 4 बजे उदयपुर के ग्राम दावा के पास निर्माणाधीन पुलिया में अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 60 यात्री सवार थे, बस पलटने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची उदयपुर पुलिस ने आनन-फानन में सभी यात्रियों को नजदीक के उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया, साथ ही गंभीर घायलों को अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज में भेज दिया गया है।
इधर, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस के चालक को काफी देर से ही झपकी आ रही थी, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई है। वहीं मौके से ड्राइवर और क्लीनर फरार हो गए हैं, इधर उदयपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घायल अधिकांश यात्री उत्तर प्रदेश के भदोही, जौनपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र जिला के एवं छत्तीसगढ़ राज्य के कोरबा कवर्धा के रहने वाले हैं।
ग्राम दावा उदयपुर में हुए बस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों से मिलने कलेक्टर कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे थे। जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा घायलों से मिलकर स्वास्थ लाभ की जानकारी प्राप्त कर इलाज की समुचित व्यवस्था हेतु अस्पताल अधीक्षक एवं ड्यूटी डॉक्टर को निर्देशित किया है। बस दुर्घटना की वस्तुस्तिथि को जानकार किसी प्रकार की लापरवाही पाये जाने पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है।