सरगुजा
बीच सडक़ पर पलटे हाइड्रा को लोडर और जेसीबी के सहारे हटाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 जुलाई। आज तडक़े अंबिकापुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर सेदम पुल के पास शुक्रवार रात से आधे सडक़ पर खड़ी हाइड्रा को अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। टक्कर से हाइड्रा मशीन बीच सडक़ पर पलट गई और राष्ट्रीय राजमार्ग में जाम लग गया। जाम से सेदम पुल के दोनों ओर यात्री बसों सहित ट्रकों की दो किलोमीटर तक लंबी लाइन लगीं रही, यहां तक की बाइक सवार भी रास्ता पार नहीं कर सके। पुलिस ने लोडर और जेसीबी मंगाकर हाइड्रा को सडक़ के एक ओर किया गया, फिर लोडर से सडक़ पर एक महीने से पड़ी मिट्टी को हटवाया, तब जाकर साढ़े 4 घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 9 बजे तक आवागमन सुचारू रूप से चालू हो सका।
शुक्रवार को सडक़ निर्माण कंपनी टीबीसीएल द्वारा सेदम पुल को डामरीकरण करने के लिए सामाग्री गिराया गया है, जहां ठेकेदार के कर्मचारी सडक़ किनारे तंबू बना रात से रुके हुए हंै। निर्माण सामग्री सहित हाइड्रा क्रेन मशीन भी राष्ट्रीय राजमार्ग के आधे हिस्से में खड़ी थी।
शुक्रवार रात से ही हाइड्रा को देखकर दुर्घटना की आशंका जताई जा रही थी। हाइड्रा का ड्राइवर मुहर्रम मनाने चला गया था। ड्राइवर के द्वारा लापरवाही पूर्वक हाइड्रा को बीच सडक़ में ही छोड़ दिया गया था। काम चालू नहीं होने पर ड्राइवर हाइड्रा को बीच सडक़ में ही खड़ी कर अंबिकापुर निकल गया। बाकी मजदूर अपने तंबू में सो रहे थे जिससे सवेरे यह घटना घटित हो गई।
राष्ट्रीय राजमार्ग के पूरे 8 मीटर सडक़ पर हाइड्रा के पलटने के कारण आवागमन बाधित हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक ड्राइवर तेज गति से ट्रक चला रहा होगा जिससे नियंत्रण हट गया और हाइड्रा को ठोककर फरार हो गया। टक्कर इतना जबरदस्त था कि हाइड्रा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, बीच सडक़ में पलटते हुए सडक़ में जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
एनएच विभाग की उदासीनता और ठेकेदार की लापरवाही ही आम लोगों को भारी पड़ रही है, इनकी खुद की गलती का परिणाम है कि आज तक साइड सोल्डर में डालने रखे मिट्टी आज भी सडक़ के 2 मीटर हिस्से पर रखी हुई है, जिसे आज तक नहीं हटाया गया। मार्ग को पार करने बाइक सवार खुद से निर्माण सामग्री का पत्थर मिट्टी को हटाकर बाईक पार करने की सुविधा खुद से बनाई गई, तब जाकर बाइक राष्ट्रीय राजमार्ग से निकली। जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग में लगे जाम को खुलवाने बतौली पुलिस लगी रही।

पुलिस द्वारा ही लोडर और जेसीबी मंगाकर हाइड्रा को सडक़ के एक ओर किया गया, फिर लोडर से सडक़ पर एक महीने से पड़ी मिट्टी को हटवाया, तब जाकर साढ़े 4 घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 9 बजे तक आवागमन सुचारू रूप से चालू हो सका। इस दौरान बतौली थाना से उपनिरीक्षक शिवबमन कौशिक,राजू कुजुर आशीष एक्का, राजेश लकड़ा, गौरी शंकर पैंकरा का सराहनीय योगदान रहा जो आवागमन सुचारू होने के बाद एक एक वाहनों को रवाना किया।
हो सकता था बड़ा हादसा
राष्ट्रीय राजमार्ग के आधे सडक़ में खड़े हाइड्रा को जब ट्रक ने टक्कर मारी, जिससे हाइड्रा बीच सडक़ में गिरा। यह सडक़ में पलटा, लेकिन यही हाइड्रा तंबू की ओर गिरा होता तो 4 मजदूरों की जान भी जा सकती थी।