सरगुजा

मणिपुर घटना पर महिला कांग्रेस ने कैंडल मार्च निकाल किया विरोध
23-Jul-2023 2:35 PM
मणिपुर घटना पर महिला कांग्रेस ने कैंडल मार्च निकाल किया विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 23 जुलाई।
मणिपुर घटना से उद्वेलित महिलाओं ने कैंडल मार्च निकाल विरोध प्रदर्शन किया।

महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सीमा सोनी की अगुवाई में महिलाओं ने कांग्रेस भवन से घड़ी चौक तक कैंडल मार्च निकाला। महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सोनी ने कहा कि मणिपुर में महिलाओं के साथ जो अमानवीय व्यवहार हुआ है, उसे सोचकर भी हमारी रूह कांप रही है। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी और सरकार में बैठे तमाम लोगों से पूछना चाहती हैं कि क्या इसे राजनीति का खेल कहेंगे?  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सदन में चुप्पी साधे हैं। करीब 80 दिन बाद बोले भी तो राजनीति करने के लिए। उन्होंने कहा कि हिंसा का खमियाजा हमेशा महिलाओं को ही क्यों भुगतना पड़ता है? क्या सरकार इसका जवाब देगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह ने कहा कि हमने कभी नहीं सोचा था कि न्यू इंडिया में महिलाओं के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार भी हो सकता है। 
अभी तक मणिपुर में 140 मौतें हो चुकी हैं और 50 हजार से ज्यादा लोग बेघर हो चुके हैं। यह बेहद शर्मनाक है। देश के प्रधानमंत्री व तमाम केंद्रीय मंत्री अगर मणिपुर मुद्दे पर चुप हैं तो वह चाहते हैं कि मणिपुर में हिंसा हो। इस घटना की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री को लेनी होगी।
 


अन्य पोस्ट