सरगुजा
राजमाता देवेंद्र कुमारी मेडिकल कॉलेज का वर्चुअल लोकार्पण, सीएम ने कहा सरगुजा के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 जुलाई। राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव मेडिकल कॉलेज का वर्चुअल लोकार्पण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव ने किया।
लोकार्पण के लिए सीएम भूपेश बघेल व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित प्रभारी मंत्री शिवकुमार डहरिया को शामिल होना था,लेकिन मौसम की खराबी की वजह से मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण में शामिल नहीं हो सके।मुख्यमंत्री एवं डिप्टी सीएम के नहीं आ पाने पर प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने फीता काटकर लोकार्पण किया।
राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंह देव मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर के लोकार्पण समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सरगुजा के लिए आज का दिन बड़ी उपलब्धि का दिन है,आदिवासी क्षेत्र में चिकित्सा एवं शिक्षा की रोशनी पहुंच रही है। हमारा प्रयास दुर्गम गांव तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना है। चिकित्सा और शिक्षा को मजबूत करने सरकार पुरजोर प्रयास कर रही है।
चिकित्सा व शिक्षा इतना बेहतर किया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ का नाम पूरे देश में रोशन होगा। कोरोना काल के समय स्वास्थ्य के प्रति हमारी इच्छा शक्ति को पूरे देश के लोगों ने देखा है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज परिवार के सदस्यों की तरह राजमाता देवेंद्र कुमारी से हमें काफी प्यार और दुलार मिलता था। आज उनके नाम से चिकित्सा महाविद्यालय का लोकार्पण हो रहा है,राजमाता जहां भी होंगी हम लोगों को आशीर्वाद दे रही होंगी।
राजमाता को याद करते हुए भावुक हुए सिंहदेव
राजमाता देवेंद्र कुमारी मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव राजमाता को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि मम्मी को आज बहुत अच्छा लगा। श्री सिंहदेव ने कहा कि राजमाता न केवल मेरी मां थी, ब्लकि पूरे सरगुजा के लोगों से उनको बहुत प्रेम और लगाव था, इसी भाव के कारण वह छोटे से छोटे काम के लिए मुख्यमंत्री के पास स्वयं चली जाती थी। उन्होंने सरगुजा के लिए बहुत कुछ किया, लेकिन कभी जताया नहीं।
सिंहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ी संस्था के साथ राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव का नाम जोडक़र हम सबको कृतज्ञ किए हैं। राजमाता के नाम से पहली इकाई राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव मेडिकल कॉलेज के नाम से जुड़ा है इसके लिए सिंहदेव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताया।
सिंहदेव ने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज से नए डॉक्टर जो पढक़र जा रहे हैं,उनका परिणाम काफी अच्छा है।पोस्ट ग्रेजुएशन की काफी सीटें ले आने पर सिंहदेव ने मेडिकल कॉलेज के डीन,प्रोफेसर सहित अन्य कर्मचारियों को बधाई दिया।

सरगुजा के लोगों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में मिलेगा बेहतर लाभ-अमरजीत
लोकार्पण के अवसर पर मंत्री अमरजीत भगत ने कहा की मेडिकल कॉलेज में पढऩे वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधा मिलेगी,इस मेडिकल कॉलेज से हर साल 125 डॉक्टर बनकर निकलेंगे. वही सरगुजा संभाग सहित सरगुजा संभाग से लगे अन्य राज्य के लोगो को बेहतर इलाज के लिए इस मेडिकल कॉलेज में सुविधा मिलेगी। वही मेडिकल कॉलेज के बन जाने से विकास में एक नया आयाम जुड़ता हुआ दिखाई दे रहा है।
श्री भगत ने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज से बहुत सारी सहूलियत सरगुजा के लोगों को मिलेगी, जटिल केस के लिए अब रायपुर नहीं अंबिकापुर में ही उपचार हो जाएगा।दरिमा एयरपोर्ट भी बनकर तैयार है,इंडोर स्टेडियम का उद्घाटन, मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन एक के बाद एक विकास की कई कडिय़ां जुड़ते जा रही है जो विकास के साथ सही दिशा वह गति तय करेगा।
मेडिकल कॉलेज लोकार्पण के अवसर पर संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज,विधायक डॉ प्रीतम राम,महापौर डॉ अजय तिर्की,श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बालकृष्ण पाठक,सरगुजा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता,जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह,पीसीसी के महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा,जेपी श्रीवास्तव,लक्ष्मी गुप्ता,आशीष वर्मा सैयद अख्तर,श्याम लाल जायसवाल, अनूप मेहता,पार्षद दीपक मिश्रा सहित सरगुजा कमिश्नर शिखा राजपूत,कलेक्टर कुंदन कुमार, आईजी सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग,मेडिकल कॉलेज के डीन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।