सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,8 जुलाई। सरगुजा जिला के बतौली शराब दुकान में शराब की बोतल में कीड़ा मिलने के मामले में आबकारी मंत्री कवासी लखमा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह दारू वाला मामला है। हम लोग संज्ञान में जरूर लेंगे और उच्च अधिकारियों पर कार्रवाई करेंगे। ऐसा बिल्कुल भी नहीं होना चाहिए।
श्री लखमा ने कहा कि इस बात की खुशी है कि साढ़े चार साल के कांग्रेस के शासन काल में मिलावटी और नकली शराब से कोई मौत नहीं हुई है। बिहार और गुजरात में शराब पीने से मौते हुई हैं,परंतु छत्तीसगढ़ में सब कंट्रोल में है।
गौरतलब है कि बतौली के अंग्रेजी शराब दुकान से 3 दिन पूर्व एक चिकित्सक ने शराब खरीदा था। दुकान में ही शराब की बोतल में कीड़े मिलने से चिकित्सक और अन्य ग्राहकों ने हंगामा मचा दिया और कीड़े मिले शराब की बोतल का वीडियो बना कर वायरल कर दिया।
दुकान के कर्मचारियों पर मिलावट करने का आरोप लगाया था। अम्बिकापुर में सरकारी शराब दुकान में शराब में मिलावट करते पकड़े गए कर्मचारियों की घटना के बाद बतौली में भी खाली बोतल, ढक्कन बरामद हुए थे।
कर्मचारियों पर आरोप है कि महंगी शराब के बोतलों से शराब निकाल कर घटिया स्तर का कम दर का शराब बोतल में भर कर बेच दिया जाता है।