सरगुजा

चोरी हुई कार यूपी से बरामद
08-Jul-2023 7:30 PM
चोरी हुई कार यूपी से बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 जुलाई।
वाहन चोरी के मामले में सरगुजा पुलिस की कार्रवाई जारी है,10 दिनों के भीतर चोरी हुई कार को बिंढमगंज उत्तर प्रदेश से बरामद किया गया है। आरोपी कार को लावारिस हालत में छोडक़र फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी थॉमस जॉन (53 वर्ष) नमना कला रिंग रोड अम्बिकापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि  28 जून को वह अपने आल्टो कार को घर के सामने खड़ी कर सोने चला गया था। दरम्यानी रात किसी अज्ञात चोर द्वारा कार को चोरी कर ले जाया गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामले में सरगुजा पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी का फुटेज चेक किया गया, जिसमें आरोपियों के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। जानकारी प्राप्त होने पर संयुक्त पुलिस टीम को बिंढमगंज उत्तरप्रदेश भेजा गया था। आरोपी द्वारा चोरी किये गए कार को बिंढमगंज में लावारिस हालत में छोडक़र मौक़े से फरार हो गया।

पुलिस टीम ने कार को जब्त किया है। आरोपी के सम्बन्ध में तलाश जारी है, जल्द ही आरोपी सरगुजा पुलिस की गिरफ्त में होगा।


अन्य पोस्ट