सरगुजा

दिव्यांगजन सहायता शिविर में अब तक 1600 से ज्यादा ने कराया पंजीयन
03-Jul-2023 8:00 PM
दिव्यांगजन सहायता शिविर में अब तक 1600 से ज्यादा ने कराया पंजीयन

  100 से ज्यादा के बनाए दिव्यांगता प्रमाण पत्र   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अम्बिकापुर, 3 जुलाई।
दिव्यांगजनों की मदद के लिए सरगुजा में दिव्यांगजन सहायता शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इन शिविरों में हितग्राही की दिव्यांगता का आंकलन किया जा रहा है। इसके बाद उन्हें दिव्यांगता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। अब तक आयोजित किये गए शिविरों में 1600 से ज्यादा दिव्यांग हितग्राहियों ने पंजीयन कराया है, जिनका चिकित्सकों द्वारा आंकलन किया गया है। 

उक्त जानकारी देते हुए समाज कल्याण विभाग के उप संचालक डीके राय ने बताया कि शिविर में मेडिकल बोर्ड की टीम भी उपस्थित रहती हैं, जिनके द्वारा दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाये जा रहे हैं। शिविर में अब तक 109 हितग्राहियों को नवीन मेडिकल प्रमाण पत्र बनाकर प्रदान किये गए हैं।

उल्लेखनीय है कि उदयपुर जनपद पंचायत से शिविर की शुरुआत हुई और अब तक लखनपुर, बतौली और सीतापुर में शिविर पूर्ण हो चुके हैं। हर जनपद में 4 जगहों पर शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। अम्बिकापुर और लुण्ड्रा जनपद पंचायत में शिविर जारी हैं। 

सोमवार को दरिमा और लुण्ड्रा जनपद पंचायत सभाकक्ष में शिविर आयोजित किया गया। शिविर के बेहतर आयोजन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। आगामी शिविर जनपद पंचायत लुण्ड्रा के ग्राम पंचायत कुंदीकला में 5 जुलाई को तथा ग्राम पंचायत असकला में 6 जुलाई को, जनपद पंचायत मैनपाट के ग्राम पंचायत नर्मदापुर में 7 जुलाई को, ग्राम पंचायत सरभंजा में  10 जुलाई को, हाई स्कूल खडग़ंवा में 12 जुलाई को तथा पंचायत भवन राजापुर में 13 जुलाई को होंगे।


अन्य पोस्ट