सरगुजा

10 दिनों के अंदर कुंवरपुर जलाशय से खेती के लिए पानी नहीं देने पर आंदोलन की चेतावनी
01-Jul-2023 9:01 PM
10 दिनों के अंदर कुंवरपुर जलाशय से खेती के लिए पानी नहीं देने पर आंदोलन की चेतावनी

  किसानों ने तहसीलदार को कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
लखनपुर, 1 जुलाई।
किसानों ने तहसीलदार लखनपुर को कलेक्टर के नाम सौंपकर 10 दिवस के अंदर कुंवरपुर जलाशय से कृषि कार्य के लिए पानी नहीं दिए जाने की स्थिति में एनएच अंबिकापुर बिलासपुर के लखनपुर में चक्काजाम कर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। ज्ञात हो कि कुंवरपुर जलाशय से हजारों किसानों को हजारों हेक्टेयर भूमि सिंचित होती है।

किसानों को इस समय मानसून लगभग 10 दिन देर में आने से धान की खेती में ऐसे ही देरी हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी एवं ठेकेदार तथा जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण नहर सहपुलिया निर्माण कार्य अधूरा है।

ज्ञात हो कि कुंवरपुर जलाशय (लखनपुर) के माध्यम से हजारों किसानों को हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि के लिए नहर के माध्यम से सिंचाई के लिए पानी दिया जाता रहा है , जिससे धान की अच्छी पैदावार किसानों को मिलती थी।

अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से कुंवरपुर जलाशय से बीच में पक्की नहर गुजरती है, जिसका निर्माण कार्य एनएच के ठेकेदार के  द्वारा किया जा रहा है, वहीं गर्मी में यह कार्य 4 माह पूर्व ही हो जाना था। चूंकि रवि फसल के लिए कुंवरपुर जलाशय से पानी किसानों को नहीं दिया गया था, इसके लिए भरपूर समय भी एनएच के अधिकारियों ठेकेदारों को दिया गया था।

समय सीमा में नहर सहपुलिया निर्माण कार्य अधूरा होने से अभी तक खेतों में धान की नर्सरी तक नहीं हो पाई है और जिसे बनने में लगभग 15 दिन से 1 माह लगने की संभावना है। धान की नर्सरी समय में नहीं होने से पूरी तरह से धान की फसल  क्षति होने की आशंका किसानों द्वारा व्यक्त की जा रही है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कृपाशंकर गुप्ता,दिनेश साहू,सुजीत गुप्ता, हर्षवर्धन पांडे,दिनेश बारी,मुन्ना पांडे,शशिधर पांडे,अभिमन्यु सिंह,महेश्वर राजवाड़े,कपूर गुप्ता,उमेश गुप्ता, उमाशंकर गुप्ता सहित काफी संख्या में किसान गण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट